उमरिया के घुनघुटी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब प

उमरिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब की खेप और बाइक सहित 1 लाख से अधिक का माल जब्त

Umaria Police Seize Illegal Liquor Consignment Worth Over ₹1 Lakh with Motorcycle

उमरिया,(मध्य प्रदेश)। जिले के पाली थाना अंतर्गत घुनघुटी चौकी क्षेत्र में नए चौकी प्रभारी के पदभार संभालने के बाद अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौकी प्रभारी शैलेंद्र चतुर्वेदी द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल सहित शराब की खेप जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घुनघुटी चौकी पुलिस ने क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-54-जेडबी-2804 पर अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद हुई।

आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज

जब्त किए गए मशरूके में 50 पाव देशी शराब, 6 नग जीनियस, 12 पाव गोवा, 6 मदिरा मसाला और 5 ब्यूली चिप शामिल हैं। शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल जब्त मशरूके की अनुमानित कीमत 1 लाख 6 हजार 610 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने संबंधित आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया, कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम की स्थानीय लोगों ने की सराहना

इस कार्रवाई को सफल बनाने में प्रधान आरक्षक गणेश सिंह परस्ते, प्रधान आरक्षक आदर्श सिंह बघेल तथा आरक्षक दिलीप सिंह राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है। 

यह भी पढ़ेंः जौनपुर दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड: एक लाख के इनामी मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद ने कोर्ट में किया सरेंडर