उमरिया के करन गौतम ने जापान में गोल्ड मेडल जीतकर द

जापान में लहराया उमरिया का परचम! करन गौतम की गोल्डन जीत पर सरकार ने किया बड़ा ऐलान

करन गौतम को सम्मानित करते सीएम मोहन यादव

उमरिया,(मध्यप्रदेश)। हॉकी एशिया कप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर उमरिया जिले के युवा खिलाड़ी करन गौतम ने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम के सदस्य रहे करन गौतम को स्वर्ण पदक जीतने पर मध्यप्रदेश सरकार की ओर से 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल स्थित अपने निवास पर खिलाड़ियों से मुलाकात कर इस सम्मान की घोषणा की।

मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। हॉकी में प्रदेश की बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है, कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास सफल हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया, कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विश्व मंच पर भी देश का परचम लहराएंगे।

जापान के काकामिगाहारा में अंडर-18 हॉकी एशिया कप-2026 का आयोजन

गौरतलब है, कि अंडर-18 हॉकी एशिया कप-2026 का आयोजन 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा शहर में हुआ। प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

भारतीय पुरुष टीम में भोपाल के छह खिलाड़ी

भारतीय पुरुष टीम में मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी, भोपाल के छह खिलाड़ियों को जगह मिली थी। इनमें उमरिया के करन गौतम के अलावा जबलपुर के आयुष रजक एवं सिद्धार्थ बेन, नर्मदापुरम के अंश बहुत्रा और गाजी खान तथा भोपाल के अवि माणिपुरी शामिल रहे। इन सभी खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से तीन-तीन लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई 

करन गौतम की इस उपलब्धि से उमरिया जिले में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। लोगों का कहना है, कि करन की सफलता से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए उत्साहित होंगे।

महिला वर्ग में पदक जीतने वाली खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

महिला वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली खिलाड़ियों नौसीन नाज, महक परिहार, स्नेहा दावड़े और नम्मी गीताश्री को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। प्रतियोगिता में नौसीन नाज ने 12 गोल दागकर टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया, जबकि जबलपुर के आयुष रजक को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।

भविष्य में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद

उमरिया के करन गौतम की यह सफलता न केवल जिले बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है। खेल जगत को उम्मीद है, कि करन भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। 

यह भी पढ़ेंः मिथिलांचल की ऐतिहासिक धरोहर और भव्य स्थापत्य कला का उदाहरणः राजनगर पैलेस