उमरिया में 'डायन' के शक में महिला से मारपीट, गर्म चिमटे से उंगलियां दागने का आरोप
उमरिया (मध्य प्रदेश)। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रोहनिया से अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव की रहने वाली सरोज बाई बैगा ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कुछ लोगों पर उसे कथित रूप से ‘सोधनिया’ यानी डायन होने के शक में बंधक बनाने, मारपीट करने और गर्म चिमटे से उंगलियां दागने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
बाल खींचकर घसीटने और मारपीट का दावा
पीड़िता के मुताबिक 30 अगस्त की शाम करीब 5 बजे वह अपने घर के पास रास्ते में थी। इसी दौरान कौशिल्या बाई उसे काम के बहाने अपने घर के अंदर ले गई। शिकायत के अनुसार घर के भीतर पहले से निरंजन सिंह, बिहारी सिंह, वीरेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि अंदर पहुंचते ही महिला को पकड़ लिया गया और उसके बाल खींचकर जमीन पर घसीटा गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और गर्म चिमटे से उंगलियां दागी गईं।
पंडा के पास ले जाकर कराई गई कथित जांच
शिकायत में सरोज बाई ने बताया कि इस दौरान उस पर ‘सोधनिया’ होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज भी की गई। कथित घटना के बाद उसके पति मुकेश बैगा को भी वहां बुलाया गया। दोनों को एक पिकअप वाहन में बैठाकर नयागांव स्थित एक पंडा के पास ले जाया गया। महिला का दावा है कि पंडा ने उसे ‘सोधनिया’ नहीं बताया, जिसके बाद दोनों को वापस लाया गया। आरोप है कि लौटते समय उसके पति का मोबाइल भी छीन लिया गया, जिससे वह किसी से संपर्क नहीं कर सके।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस में शिकायत करने पर उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी गई और मामला दबाने के लिए पैसों का लालच दिया गया। महिला का कहना है कि उसने थाने में शिकायत की, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने एसपी से निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: नरसिंहपुर में ट्रॉली बैग से कि जा रही थी 11 किलो गांजा की तस्करी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी