मुंबई में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन पर बड़ा एक्शन, आयोजकों और 400-500 अज्ञात लोगों पर FIR
मुंबई (महाराष्ट्र)। मुंबई पुलिस ने शहर के चर्चित शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन के आयोजकों और पार्टी के 400 से 500 अज्ञात समर्थकों व प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सार्वजनिक व्यवस्था और नियमों के उल्लंघन को लेकर यह सख्त प्रशासनिक कदम उठाया गया है।
चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया के खिलाफ विरोध
यह पूरी कानूनी कार्रवाई उस वक्त सामने आई जब 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का मुख्य विरोध 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर था, जिसके बाद यह प्रशासनिक फेरबदल और पुलिस एक्शन देखने को मिला।
गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज
प्रशासन द्वारा इस मामले में कानूनी शिकंजा कसते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189 और 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, कार्रवाई को पुख्ता करने के लिए इसमें महाराष्ट्र पुलिस (MP) एक्ट की धारा 37(1)(3) और 135 को भी शामिल किया गया है।
वकील सिद्धि देओलेकर की शिकायत पर कार्रवाई
इस मामले की पृष्ठभूमि पर गौर करें तो, शुक्रवार को ही स्थानीय निवासी और पेशे से वकील सिद्धि देओलेकर ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रमुख कार्यकर्ताओं- अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका, सौरव दास और रत्ना सिंह- को नामजद किया था।
शिकायतकर्ता वकील ने आरोप लगाया था कि इन सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रशासन द्वारा विरोध प्रदर्शन की अनुमति साफ तौर पर नकार दी गई थी, इसके बावजूद इन्होंने नियमों की अवहेलना करते हुए शिवाजी पार्क में प्रदर्शन को आगे बढ़ाया। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर बढ़ी सियासी हलचल, फडणवीस ने आरोपों को नकारा