लाल किले विस्फोट को लेकर UN की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, AQIS को ठहराया जिम्मेदार
न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक नई रिपोर्ट में नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट को अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जोड़ा गया है। इस विस्फोट में 11 लोगों की मौत हुई थी। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की विश्लेषणात्मक सहायता और प्रतिबंध निगरानी टीम की 38वीं रिपोर्ट में AQIS को इस हमले के लिए आधिकारिक तौर पर जिम्मेदार बताया गया है।
AQIS को लेकर UN की रिपोर्ट में क्या कहा गया?
रिपोर्ट के अनुसार, AQIS एक खंडित संगठन से विकसित होकर क्षेत्रीय आतंकवादी इकाई के रूप में काम कर रहा है। संगठन विकेंद्रीकृत, छोटे और बिखरे हुए गुटों के माध्यम से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है और लॉजिस्टिक्स तथा वित्तीय नेटवर्क विकसित कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले पर हुए हमले के लिए आधिकारिक तौर पर AQIS को जिम्मेदार ठहराया गया है।
पहले जैश-ए-मोहम्मद से जोड़ा गया था हमला
इस आकलन से लाल किले विस्फोट के लिए जिम्मेदार संगठन की पहचान को लेकर एक महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र की 37वीं रिपोर्ट में एक सदस्य देश ने हमले को जैश-ए-मोहम्मद (JiM) से जोड़ा था। उस रिपोर्ट के अनुसार, एक सदस्य देश ने दावा किया था कि जैश-ए-मोहम्मद ने कई हमलों की जिम्मेदारी ली थी और नवंबर 2025 में नई दिल्ली के लाल किले के पास हुए हमले से भी उसका संबंध था।
कार में हुआ था जोरदार विस्फोट
नवंबर 2025 में दिल्ली में शाम करीब 7 बजे लाल किले के पास एक चलती हुई हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ था। आरोप है कि कार उमर उन नबी चला रहा था, जिस पर आत्मघाती हमलावर होने का संदेह था। विस्फोट में उसकी भी मौत हो गई थी। इस घटना में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे।
अल-कायदा और ISIS की गतिविधियों पर चिंता
UNSC की ताजा रिपोर्ट में अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट (ISIL/Daesh) से जुड़े संगठनों की गतिविधियों और क्षमताओं को लेकर भी चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, अल-कायदा और आईएसआईएल लंबे समय से रासायनिक और जैविक हथियार विकसित करने में रुचि दिखाते रहे हैं। हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि अब तक वे ऐसे हथियारों के उत्पादन से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों को दूर करने में सफल नहीं हुए हैं।
ऑनलाइन फैलाए जा रहे हैं खतरनाक निर्देश
रिपोर्ट में कहा गया है कि रासायनिक और जैविक एजेंट विकसित करने से जुड़े निर्देश ऑनलाइन आतंकवादी समुदायों में प्रसारित किए गए हैं। निगरानी टीम ने आईएसआईएल की अंग्रेजी भाषा की पत्रिका ‘इन्वेड’ में फरवरी में प्रकाशित कथित सामग्री का भी उल्लेख किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें कुछ जहरीले पदार्थों से संबंधित निर्देश शामिल थे।
ISIS-K की गतिविधियों पर भी नजर
रिपोर्ट में आईएसआईएल-के (ISIS-K) की गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया है। निगरानी टीम के अनुसार, संगठन ने रिसिन जैसे विषैले पदार्थ को लेकर विशेष रुचि दिखाई है और पिछले 12 महीनों के दौरान इससे संबंधित निर्देश प्रसारित किए गए। इस बीच, नवंबर 2025 के लाल किले कार विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की चार्जशीट पर राउज़ एवेन्यू कोर्ट 27 अगस्त को संज्ञान लेने के लिए सुनवाई करेगा। NIA ने मामले में संदिग्ध 11 आरोपियों के खिलाफ करीब 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। अभियोजन पक्ष की शिकायत में 580 से अधिक गवाहों का भी उल्लेख किया गया है।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: उत्तराखंड बना देश का ‘पूर्ण साक्षर राज्य’, प्रल्हाद जोशी ने CM धामी को दी बधाई