मनिहारी के पूर्व टोला में करंट लगने से एक बच्चा घा

मनिहारी के पूर्व टोला में करंट लगने से चाचा-चाची की मौत, बच्चे की हालत खतरे से बाहर

Uncle and Aunt Die of Electrocution in Manihari; Child Out of Danger

कटिहार,(बिहार)। मनिहारी नगर क्षेत्र के पूर्व टोला में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से चाचा और चाची की मौत हो गई, जबकि जिस बच्चे को बचाने के दौरान यह हादसा हुआ, वह अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है। 

बच्चा अचानक आया करंट की चपेट में

दरअसल, पूर्व टोला में एक बच्चा अचानक करंट की चपेट में आ गया। बच्चे को बचाने के लिए उसके चाचा नाजिर मौके पर पहुंचे, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। इसी दौरान बच्चे की चाची भी बचाव के प्रयास में करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश

घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। इस दौरान बाहर से आए कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अस्पताल में तोड़फोड़ एवं अव्यवस्था फैलाने की भी सूचना है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने हंगामा कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

मृतक परिवार के लिए मुआवजा और न्याय की मांग

आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने और स्थिति सामान्य करने में साजिद, आलमगीर, इरशाद अली, शाहिद सहित कई स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं, कि मृतक परिवार को कब तक मुआवजा और न्याय मिल पाता है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।

यह भी पढ़ेंः जमुई में नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस