पेड़ के नीचे खड़े थे काका-भतीजा, आकाशीय बिजली ने छीन ली दोनों की जान
राजगढ़, (मध्यप्रदेश)। तेज बारिश और बादलों को गड़गड़ाहट से पचोर क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ी के एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला घाव छोड़ गई। खेत में कृषि कार्य कर रहे चाचा और भतीजा आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हंसते-खेलते परिवार पर पलभर मे ऐसा दुख टूटा कि पूरे गांव में मातम छा गया। ग्राम गुलखेड़ी निवासी विष्णु भिलाला (45) अपने भतीजे रामदयाल भिलाला (25) के साथ खेत में प्याज भरने का काम कर रहे थे।
अचानक बदला मौसम
शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों पास ही खडे महुए के पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनो उसकी चपेट में आ गए। बिजली का प्रहार इतना भीषण था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल पचोर सिविल अस्पताल लेकर आए।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत किया घोषित
अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों तक पहुंची, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मृतक विष्णु के पुत्र जगदीश सहित परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में नजर आए। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों किसान रोज की तरह खेत में काम कर रहे थे और बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खडे हुए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि कुछ ही क्षणों में यही जगह उनकी जिंदगी का अंतिम पड़ाव बन जाएगी।
आकाशीय बिजली से बचाव की चर्चा तेज
घटना के बाद क्षेत्र में आकाशीय बिजली से बचाव को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार खराब मौसम और बिजली चमकने के दौरान पेड़ो के नीचे खड़ा होना अत्यंत जोखिमपूर्ण होता है। ऐसे समय सुरक्षित भवन या पक्के मकान का ही उपयोग करना चाहिए। सूचना पर पचोर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पूरे गांव में शौक छा गया।किसानों से अपील हे कि खेत में काम करते समय बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खडे न हो ओर तेज आकाशीय बिजली कड़के तो दोनों कानों को हाथों से बंद कर जमीन पर नीचे बैठा जाए ,घबराए नहीं सावधानी बरते।
यह भी पढ़ेंः नीट पुनर्परीक्षा में नियम तोड़ने पर परीक्षा से बाहर होंगे नीट अभ्यर्थी