उत्तर प्रदेश के विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा

मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा, बेकाबू कंटेनर ने पिता-पुत्र को रौंदा

Uncontrolled Container Crushes Father-Son in Mirzapur

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित सीमेंट कंटेनर सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे में दोनों की मौत हो गई, जबकि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायल बेटे ने अस्पताल में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 3 बजे प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट कंटेनर (वाहन संख्या MP 19 ZQ 9901) अनियंत्रित होकर कलना गहरवार गांव के पास एक मकान में घुसकर पलट गया। हादसे में चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 13 वर्षीय पुत्र रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल रोहित को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि डिवाइडर पर इंडिकेटर और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोश जताया।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है। मौके पर नगर क्षेत्राधिकारी, सदर उपजिलाधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

मुआवजे की उठी मांग

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने मृतक परिवार को सांत्वना दी और जिला प्रशासन से 50 लाख रुपये का मुआवजा तथा क्षतिग्रस्त मकान का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की। वहीं, ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।

यह भी पढ़े: औरंगाबाद पुलिस का बड़ा अभियान, एक रात में 54 गिरफ्तार, 290 लीटर शराब जब्त