नरसिंहपुर में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत, शिनाख्त नहीं
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। जिले में हुई एक दुर्घटना में युवक की दर्दनाक मौत हो गई जिसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है और पुलिस द्वारा मृतक युवक के शव को दफन कराने की कार्यवाही की गई है ।
जोरदार टक्कर लगने के बाद इंजन में फंसा युवक
जानकारी अनुसार बताया गया है, कि देर शाम को ट्रेन क्रमांक 12321 हावड़ा से चलकर मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेन जब जिले के श्रीधाम रेलवे स्टेशन से होते हुए करकबेल रेलवे स्टेशन को क्रॉस करने के बाद एक अज्ञात युवक ट्रेन के सामने आ गया। जिससे जोरदार टक्कर लगने के बाद वह इंजन के सामने फंस गया।
शव मर्चुरी वार्ड में रखवाया गया
जब ट्रेन के चालक की नजर युवक पर पड़ी, तो ट्रेन को करकबेल रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित बेलखेड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। जहां पर रेलवे स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों की मदद से मृतक युवक के शव को बड़ी मशक्कत के बाद निकाल कर उसे जिला अस्पताल भिजवाया। जहां पर उसका शव मर्चुरी वार्ड में रखवाया गया।
युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी
इस दौरान बताया गया है, कि जब यह घटना हुई, तो स्थानीय रेलवे द्वारा आरपीएफ जीआरपी के अधिकारियों को भी सूचना दी गई और वह मौके पर पहुंचे जिनके द्वारा मृतक युवक के संबंध में आसपास के इलाकों में निवासरत ग्रामीणों से संपर्क कर मृतक युवक की शिनाख्त किए जाने की कोशिश की गई। लेकिन, उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी । वही जिला अस्पताल में जीआरपी पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्यवाही कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अधिकारियों से परमिशन मिलने पर उसे जमीन में दफन कराए जाने की कार्रवाई की गई ।
यह भी पढ़ेंः मुगलसराय में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला, अस्पताल में चल रहा इलाज