गुना : अंडरब्रिज में पानी भरते ही बजेगा सायरन
गुना। रेलवे ने मानसून के दौरान अंडरब्रिज (RUB) में होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए एक आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। भोपाल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले गुना में एक विशेष अलार्म सिस्टम लगाया गया है, जो पानी भरते ही अधिकारियों को सचेत कर देगा। अलार्म बजते ही स्थानीय रेलवे अमला सतर्क हो जाएगा और जनरेटर के माध्यम से पानी निकासी का काम शुरू कर देगा।
CCTV से निगरानी होगी
स्थानीय कर्मचारी ही नहीं, बल्कि जबलपुर के मंडल अधिकारी और रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी भी CCTV कैमरों के जरिए स्थिति की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। यह प्रयोग फिलहाल गुना की रसीद कॉलोनी (बांसखेड़ी) स्थित अंडरब्रिज में शुरू किया गया है।
आम जनता को मिलेगी राहत
बारिश के मौसम में गुना के रसीद कॉलोनी, म्याना, खजूरी गांव और गुलाबगंज खेजरा रोड स्थित अंडरब्रिज टापू बन जाते हैं। कई बार जलभराव इतना अधिक होता है कि वाहन बीच में ही फंस जाते हैं और लोगों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है।
तकनीक सफल रही तो और जगह लागू की जाएगी
रेलवे के इस नए प्रयोग से न केवल यात्रियों को परेशानी से बचाया जा सकेगा, बल्कि रिस्पांस टाइम (कार्रवाई का समय) में भी सुधार होगा। अधिकारियों का मानना है कि इस तकनीक के सफल होने पर इसे अन्य प्रभावित अंडरब्रिजों में भी लागू किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831