मध्यप्रदेश में आयोजित किया गया अनूठा हॉर्स शो
MP News : इंदौर। शहर में पहली बार दो दिवसीय सेंट्रल इंडिया हॉर्स शो का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में देश के 7 राज्यों से आए 200 से अधिक मारवाड़ी और नुकड़ा नस्ल के घोड़ों ने भाग लिया। यह अनूठा घोड़ा शो न केवल इंदौर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में पहली बार आयोजित किया जा रहा। यह शो शनिवार को शुरू हुआ। घोड़ों की भव्यता, चाल, बनावट और प्रशिक्षण के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही। पहले दिन मिल्क टीथ, टू टीथ और मेयर (मादा घोड़ी) श्रेणियों में प्रतियोगिताएँ हुईं। इंदौर के लिए गर्व की बात रही कि महू का खूबसूरत घोड़ा मुरतज़िल शानदार प्रदर्शन करते हुए टू टीथ श्रेणी में विजेता बना।
पंजाब और राजस्थान सहित 7 राज्यों से आए घोड़े
देवी अहिल्या हॉर्स सोसाइटी द्वारा गांधी नगर ग्राउंड, इंदौर में आयोजित इस हॉर्स शो में मध्यप्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा सहित सात राज्यों के घोड़े शामिल हुए।घोड़ों की विशेष देखभाल के लिए अस्थायी अस्तबल बनाए गए। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक चला। यहाँ एक छोटा स्टेडियम, दर्शक दीर्घा और चयनित घोड़ों व मालिकों के लिए प्रतियोगिता रिंग तैयार की गई। पहले दिन 200 से अधिक घोड़ों के बीच मुरतज़िल अपनी ऊँचाई, सुंदरता, कम उम्र, मजबूत कद-काठी, फुर्ती, संतुलित आहार और आकर्षक चाल के कारण सबसे अलग नजर आया।
टू टीथ श्रेणी में मुरतज़िल ने 35 घोड़ों को पछाड़ा
शनिवार को टू टीथ श्रेणी में 35 घोड़ों ने हिस्सा लिया। मुरतज़िल ने फुर्ती, सुंदरता, शक्ति, ऊँचाई और शरीर की बनावट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। मेयर प्रतियोगिता में पंजाब के कुदरत ने पहला स्थान प्राप्त किया। उनके मालिक मोहम्मद शाहरुख को 21,000 रुपये, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। मुरतज़िल को लाल काठी पैड और सिर पर लाल बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। मुरतज़िल का आहार — चना, बाजरा, जौ, दूध और अंडे। पहले दिन की प्रतियोगिता में मुरतज़िल का दबदबा। सभी मानकों में मुरतज़िल अव्वल।