शारदा नहर में उतराता मिला अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव, जाँच में सोशल मीडिया का भी लिया जा रहा सहारा
रायबरेली {उत्तर प्रदेश} : भदोखर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जगदीशपुर गांव के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने शारदा नहर में एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव उतराता हुआ देखा। नहर में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। फिलहाल मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दरअसल, घटना के बाद सूचना पाकर भदोखर थाना पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आस-पास मौजूद लोगों से मृतका के संबंध में पूछताछ की, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस आस-पास के गांवों के चौकीदारों और प्रधानों से भी संपर्क साध रही है।
पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा
भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। शव की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सोशल मीडिया ग्रुप्स और पड़ोसी जनपदों व थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मृतका के हुलिये का मिलान कराया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े: कोरबा में ट्रक चालक पर हमला, लूट नाकाम