यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने आज दिल्ली में मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार की चर्चा तेज हो गयी है। माना जा रहा है कि योगी कैबिनेट का इसी हफ्ते विस्तार हो सकता है। कैबिनेट विस्तार के साथ ही बीजेपी प्रदेश संगठन में भी बड़ा फेरबदल हो सकता है।
दिल्ली में हुई अहम बैठक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से भी उनके दिल्ली आवास पर भेंट कर राज्य में सरकार और पार्टी संगठन को लेकर गहन चर्चा की। यूपी बीजेपी को लेकर बैठकों में आई तेजी से साफ है कि सरकार और संगठन के स्तर पर फेरबदल अब जल्द हो सकता है।
प्रेक्षक विनोद तावड़े का लखनऊ दौरा
मालूम हो कि यूपी में संगठन चुनाव के प्रेक्षक विनोद तावड़े हाल ही में दो दिनों तक लखनऊ में प्रवास कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर पार्टी और सरकार में बदलाव को लेकर फीडबैक लिया था। बताया जा रहा है कि तावड़े ने इन मुलाकातों के दौरान आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में फेरबदल और योगी मंत्रिमंडल में विस्तार पर चर्चा की।
जातीय संतुलन और प्रतिनिधित्व पर जोर
माना जा रहा है कि तावड़े ने सरकार और संगठन के अलावा निगमों और बोर्डों में रिक्त पदों पर पार्टी के नेताओं के मनोनयन को लेकर भी शीर्ष नेताओं से राय ली थी। विनोद तावड़े ने सरकार में छूटी जातियों को प्रतिनिधित्व देने और हिस्सेदारी से वंचित वर्गों को शामिल करने की रिपोर्ट तैयार की है। बताया जा रहा है कि तावड़े ने अपनी रिपोर्ट गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को सौंप दी है। समझा जाता है कि उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही सरकार और संगठन में शामिल किए जाने वाले लोगों के नाम तय किए जाएंगे।
संगठन में बड़े बदलाव की संभावना
माना जा रहा है कि बीजेपी प्रदेश संगठन की नई टीम के साथ ही युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के अध्यक्ष पदों पर भी नए चेहरों की ताजपोशी हो सकती है। इसके अलावा बोर्ड-निगम और आयोगों में रिक्त पदों पर भी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति प्रदान की जा सकती है।
पश्चिम बंगाल प्रचार के बाद होगा विस्तार
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उनके प्रचार से खाली होते ही राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। कैबिनेट विस्तार के बाद प्रदेश संगठन के नए पदाधिकारियों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।
यह भी पढ़े: ट्रंप के दबाव में इजरायल युद्धविराम: हसन
https://www.primenewsnetwork.in/world/trump-pressured-israel-into-ceasefire-hasan/175087