राज्यसभा चुनाव 2026: सीएम योगी की मौजूदगी में भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित विधान भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी आठ उम्मीदवारों ने आगामी द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेता और मंत्री मौजूद रहे।
विधान भवन में भरा गया पर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन सभी आठों प्रत्याशियों को लेकर राज्य विधानसभा परिसर पहुंचे। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए हैं, उनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडे, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक तथा कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, राकेश सचान, आशीष पटेल, संजय निषाद, कपिल देव अग्रवाल, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र यादव, बृजेश सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, रजनी तिवारी और बलदेव सिंह औलख समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
सपा पर केशव मौर्य का तीखा हमला
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष के चुनावी गणित को पूरी तरह खारिज किया और पार्टी की पूर्ण जीत का दावा किया।
डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा, “भाजपा के सभी आठ उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव जीतेंगे; समाजवादी पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारे या न उतारे, भाजपा की जीत निश्चित है। भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना का प्रतीक है, जो अगड़ी, पिछड़ी और अनुसूचित जातियों का प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवारों की 'त्रिवेणी' प्रस्तुत करती है; पार्टी ने उत्कृष्ट उम्मीदवार उतारे हैं, और वे सभी जीतने के लिए तैयार हैं।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चुनावी आंकड़ों पर तंज कसते हुए मौर्य ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव ने 2022 में '403' सीटों की बात की थी, लेकिन 111 सीटों पर ही रुक गए; अब वे फिर से '400 से अधिक' सीटों की बात कर रहे हैं। इस बार तो वे शतक भी नहीं बना पाएंगे।
जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे: सोनकर-पाल
मंगलवार को ही पार्टी द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित उम्मीदवार विद्यासागर सोनकर और प्रकाश पाल ने नेतृत्व का आभार जताया। विद्यासागर सोनकर ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की है और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सोनकर ने कहा, "मैंने कल सभी से बात की। मैं पूरे केंद्रीय नेतृत्व के प्रति हार्दिक आभार और शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं नेतृत्व का आभारी हूं। मैंने बूथ स्तर से लेकर राज्य संगठन तक, हर स्तर पर काम किया है। मैं उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।"
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार अंत्योदय, सामाजिक सद्भाव और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
वहीं, प्रकाश पाल ने इस दिन को अपने जीवन का अत्यंत शुभ अवसर बताया। नामांकन से पहले हनुमान मंदिर जाने की बात कहते हुए पाल ने कहा, "आज मेरे जीवन का बहुत शुभ दिन है। हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, बीएल संतोष और संपूर्ण राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री योगी, पंकज चौधरी और हमारे राज्य नेतृत्व, जिनमें केशव मौर्य और बृजेश पाठक शामिल हैं, ने मुझ पर भरोसा जताया है।" उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान के दर्शन और वरिष्ठ नेताओं के साथ वे पूरी निष्ठा और वफादारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
वर्तमान संख्या बल को देखते हुए माना जा रहा है कि बीजेपी के सभी आठ उम्मीदवारों की उच्च सदन में जीत तय है और उन्हें किसी प्रकार की राजनीतिक चुनौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: यूपी की 57,600 ग्राम पंचायतों तक पहुंची डिजिटल लाइब्रेरी, CM योगी बोले- गांव में ही मिलेंगे पढ़ाई के आधुनिक संसाधन