डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अलीगढ़ में आयोजित 'हनुमत चरित्र कथा' में लिया हिस्सा
अलीगढ़/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलीगढ़ आगमन पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा के सम्मानित पार्टी पदाधिकारियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने स्नेह व उत्साहपूर्वक भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री ने डीएवी इंटर कॉलेज, नौरंगाबाद (अलीगढ़) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती एवं 'सेवा संकल्प अभियान माह' के उपलक्ष्य में आयोजित 'हनुमत चरित्र कथा' में सहभागिता की। उन्होंने फीता काट कर प्रदर्शनी का उदघाटन एवं अवलोकन कर विशाल जनसभा को संबोधित किया तथा कथावचक महन्त का आशीर्वाद लिया साथ ही महान संत, परम पूज्य बाबा नीब करौरी के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हवन-पूजन किया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के विचारों को नमन
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के विचारों को नमन करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने आगामी चुनावों की तैयारियों के दृष्टिगत 'घर-घर अभियान' चलाने और 'हर बूथ को मजबूत करने' का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। केंद्र व राज्य की 'डबल इंजन सरकार' की ऐतिहासिक उपलब्धियों व जन-जन के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के लाभों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हम सभी का संकल्प है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा के पिता को दी पुष्पांजलि
इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य ऋषिपाल सिंह के आवास पहुंचकर परिजनों व स्थानीय लोगों से स्नेहिल भेंट की। तदोपरांत वे भाजपा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा के पिता स्व. पं. बी. एल. शर्मा के निधन पर उनके आवास पहुँचे और दिवंगत पुण्यात्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी व परिजनों से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनोपयोगी योजनाओं के लाभों से आम जनता को जागरूक करने के आवश्यक निर्देश दिए। तत्पश्चात वे सांसद सतीश गौतम के आवास (विद्यानगर) एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चौ. कृष्ण पाल सिंह के आवास (बसन्त विहार) पहुँचे, जहाँ उन्होंने क्षेत्रीय जनमानस व कार्यकर्ताओं से संवाद किया। अलीगढ महापौर प्रशांत सिंघल के आवास पर जाकर परिजनों से भेंट की।
विभिन्न लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद सतीश कुमार गौतम, अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधान परिषद सदस्य डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह, ऋषिपाल सिंह, विधायक रवेन्द्र पाल सिंह, राजकुमार सहयोगी, अनिल पाराशर, प्रशांत सिंघल, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह 'लाला', जिला महामंत्री शल्यराज सिंह सहित अनेक सम्मानित जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की शिष्टाचार भेंट