UPITS-2026 में खाद्य प्रसंस्करण विभाग को Best Disp

UPITS-2026 में खाद्य प्रसंस्करण विभाग को मिला Best Display Award, 22 MoUs से बढ़ा अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग

UP Food Processing Department Wins Best Display Award at UPITS-2026

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा में आयोजित Uttar Pradesh International Trade Show (UPITS)-2026 में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य प्रसंस्करण विभाग को Best Display Award से सम्मानित किया गया। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में विभाग ने प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण क्षमता, निवेश के अवसरों और सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया। इस दौरान देश-विदेश के निवेशकों के साथ 22 MoUs भी किए गए, जिनसे खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में व्यापार, निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की क्षमता और निवेश अवसरों का प्रदर्शन

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मार्गदर्शन में आयोजित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में विभाग ने प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण क्षमता, निवेश की संभावनाओं, विभागीय नीतियों एवं योजनाओं और प्रदेश में तैयार किए जा रहे प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। विभाग की सहभागिता और गतिविधियों का संचालन बी.एल. मीना, अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा राज कमल यादव, विशेष सचिव, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निर्देशन एवं समन्वय में किया गया।

22 MoUs से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को विस्तार

UPITS-2026 के दौरान खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने देश-विदेश से आए निवेशकों, उद्यमियों, व्यावसायिक संस्थाओं और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान विभिन्न देशों के साथ कुल 22 समझौता ज्ञापन (MoUs) संपादित किए गए। इन समझौता ज्ञापनों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिली और लगभग 1 लाख अमेरिकी डॉलर की कुल व्यावसायिक प्रतिबद्धता दर्ज की गई।

खाद्य प्रसंस्करण नीति और योजनाओं की दी जानकारी

प्रदर्शनी के दौरान विभाग ने उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहनों, सुविधाओं और निवेश अवसरों की जानकारी निवेशकों एवं उद्यमियों को दी। विभाग ने प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, तकनीकी सहयोग, व्यापार विस्तार, मूल्य संवर्धन तथा प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की संभावनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया।

सक्रिय सहभागिता के लिए मिला सम्मान

खाद्य प्रसंस्करण विभाग की सक्रिय सहभागिता, आकर्षक एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण, उत्कृष्ट प्रदर्शन और समन्वित प्रयासों को देखते हुए UPITS-2026 के आयोजकों ने विभाग को Best Display Award प्रदान किया। यह सम्मान प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश एवं व्यापार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की पहचान के रूप में देखा गया।

निवेश, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देने की संभावनाएं

पांच दिवसीय UPITS-2026 के माध्यम से स्थापित अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संपर्क और संपादित समझौता ज्ञापन प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन, तकनीकी सहयोग और निर्यात को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे प्रदेश के किसानों, उद्यमियों और युवाओं के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में आय एवं रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।

विभाग ने सहभागियों के प्रति जताया आभार

खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने UPITS-2026 की सफलता में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कार्मिकों, उद्यमियों, निवेशकों और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें:   INDIA गठबंधन में खींचतान पर संजय सिंह का कांग्रेस पर हमला, बोले- वे भाजपा से नहीं, अपने सहयोगियों से लड़ रहे हैं