भारी बारिश के बीच यूपी में बिजली व्यवस्था की लगाता

भारी बारिश के बीच निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर यूपी सरकार अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम

UP Govt on Alert for Uninterrupted Power Supply Amid Heavy Rain

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने लेसा समेत सभी वितरण निगमों के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय फॉल्ट को कम से कम समय में ठीक करने और बारिश के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर सक्रिय गैंग को तत्काल मौके पर भेजने को कहा है। स्थानीय फॉल्ट की जानकारी संचार माध्यमों के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

फॉल्ट ठीक करने के लिए फील्ड गैंग अलर्ट

बारिश के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अनुरक्षण कार्य सुरक्षा उपकरणों के साथ कराने पर भी जोर दिया गया है। अप्रत्याशित भारी बारिश के कारण प्रदेश में ब्रेकडाउन की घटनाएं बढ़ी हैं। अधिकांश फॉल्ट पेड़ या उनकी टहनियां गिरने के कारण हुए हैं। लखनऊ कंट्रोल रूम के अनुसार 11 केवी के 716 फीडर और 33 केवी के 173 सब-स्टेशनों के बंद होने की सूचना है, जिनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

शक्ति भवन में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम

शक्ति भवन में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय है, जहां छह अधीक्षण अभियंताओं की तैनाती की गई है। अधिकारी डिस्कॉम के कंट्रोल रूम के साथ समन्वय कर स्थानीय फॉल्ट, फील्ड गैंग, सामग्री और 12 घंटे से अधिक समय से बाधित आपूर्ति की जानकारी ले रहे हैं। 1912 पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए हैं। बिजली व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर लगातार निगरानी और संबंधित टीमों के जरिए तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है।

बारिश से बिजली की मांग 16 हजार मेगावाट से नीचे

बारिश के कारण प्रदेश में बिजली की मांग करीब 28 हजार मेगावाट से घटकर 16 हजार मेगावाट से नीचे आ गई है। मांग कम होने के कारण प्रदेश को कटौती मुक्त कर महानगरों से गांवों तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। अतिरिक्त बिजली पावर एक्सचेंज में बेची जा रही है। पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने उपभोक्ताओं से किसी भी घटना या ब्रेकडाउन की सूचना तत्काल 1912 पर देने की अपील की है।

बारिश में बिजली फॉल्ट की सूचना के लिए हेल्पलाइन

बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों और फॉल्ट की सूचना के लिए अलग-अलग कंट्रोल रूम नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता संबंधित डिस्कॉम के नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं।

  • शक्ति भवन: 0522-2288737, 2288738
  • टोल फ्री: 1912
  • मध्यांचल: 0522-4950397
  • केस्को: 8189045757
  • पूर्वांचल: 0542-2300137
  • दक्षिणांचल: 9412719627
  • पश्चिमांचल: 9412749313

यह भी पढ़ें:   यूपीआईटीएस में दिखी यीडा की 25 वर्षों की विकास यात्रा, वैश्विक सिटी तक का रोडमैप प्रदर्शित