यूपी में चार आईएएस अधिकारी प्रमुख सचिव व बीस अफसर होंगे सचिव पद पर प्रोन्नत
यूपी में चार आईएएस अधिकारी प्रमुख सचिव व बीस अफसर होंगे सचिव पद पर प्रोन्नत
अजय शुक्ला, अपर्णा यू, एसवीएस रंगाराव व भूषण लाल सुशील शामिल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चार आईएएस अधिकारी प्रमुख सचिव पद पर प्रोन्नत होंगे। इसके अलावा 2010 बैच के 20 आईएएस अधिकारियों को विशेष सचिव से सचिव के पद पर पदोन्नति दी जाएगी। राज्य में चौबीस आईएएस अधिकारियों के प्रमोशन के बाद अगले साल एक जनवरी से यूपी सचिवालय का प्रशासनिक ढांचा पूरी तरह से बदल जाएगा। इन अधिकारियों को समायोजित करने के लिए प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है।
यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई विभागीय पदोन्नति समिति (Departmental Promotion Committee) की बैठक में राज्य के आईएएस अधिकारियों के प्रमोशन को हरी झंडी मिल चुकी है। डीपीसी की बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार यूपी कैडर के 2001 बैच के चार आईएएस अधिकारी शशि भूषण लाल सुशील, अजय कुमार शुक्ला, अपर्णा यू व एसवीएस रंगाराव सचिव पद से प्रमुख सचिव के स्तर पर प्रोन्नत होंगे।
बेदाग छवि वालों को मिलता है प्रमुख सचिव का पद
उत्तर प्रदेश में हर साल दिसंबर में आईएएस अफसरों को पदोन्नति देने के लिए डीपीसी होती है। इसमें 25 साल की बेदाग सेवा करने वाले आईएएस अधिकारियों को प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नति दी जाती है। इसी क्रम में वर्ष 2001 बैच के आईएएस अफसरों को प्रमुख सचिव के पद पर प्रोन्नति मिलेगी। डीपीसी में देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील, सचिव नगर विकास अजय कुमार शुक्ला, सचिव चिकित्सा शिक्षा अपर्णा यू और सदस्य राजस्व बोर्ड एसवीएस रंगाराव के नामों पर विचार हुआ है। सूत्रों के अनुसार इनके प्रमोशन को हरी झंडी मिल गयी है। प्रमुख सचिव बनने वाले अधिकारियों को स्वतंत्र रूप से विभागों का दायित्व सौंपा जाएगा और सचिव बनने वालों को मंडलायुक्त बनाने के साथ विभागों का दायित्व सौंपा जाएगा। कुछ जिलों में डीएम के भी बदले जाएंगे।
2010 बैच वाले बने सचिव
नियुक्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 16 साल की सेवा पूरी करने वाले वर्ष 2010 बैच के 20 अफसरों को विशेष सचिव पद से सचिव पद पर पदोन्नति देने पर विचार किया गया। इस बैच की दुर्गा शक्ति नागपाल ही केवल मौजूदा समय लखीमपुर में डीएम पद पर तैनात हैं। अन्य अधिकारी या तो विशेष सचिव के पद पर तैनात हैं या उन्हें प्रभारी सचिव स्तर के पद का दायित्व देते हुए तैनाती दे दी गई है।
डीपीसी में 2013 बैच वालों को सलेक्शन ग्रेड व 2017 बैच वालों को एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड पे देने के लिए एक-एक नामों पर विचार हुआ। नियुक्ति विभाग पदोन्नति संबंधी आदेश जल्द जारी करेगा, जो एक जनवरी से प्रभावी माना जाएगा।
इसे भी पढ़ेंः