डॉक्टरों की नई पौध तैयार कर रहा यूपी, योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा ने पकड़ी रफ्तार
लखनऊ। डॉक्टर बनने का सपना देख रहे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए योगी सरकार ने मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में अवसरों का पिटारा खोल दिया है। प्रदेश में नीट यूजी-2026 की दूसरी काउंसलिंग 14 सितंबर से शुरू होने जा रही है। इसी बीच मेडिकल शिक्षा के विस्तार के आंकड़े बताते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार करने की दिशा में लंबी छलांग लगाई है। वर्ष 2017 में प्रदेश में 36 मेडिकल कॉलेज थे और एमबीबीएस की 4,690 सीटें थीं। वहीं 20 अगस्त 2026 तक मेडिकल कॉलेजों की संख्या 85 और एमबीबीएस सीटें 13,600 पहुंच गई हैं। यानी आठ वर्षों में 49 नए मेडिकल कॉलेज और 8,910 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों का विस्तार हुआ है। यह बदलाव सिर्फ मेडिकल कॉलेजों की बढ़ती संख्या का आंकड़ा नहीं है, बल्कि प्रदेश में हर साल चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के लिए उपलब्ध अवसरों के बड़े विस्तार की कहानी है। वर्ष 2012 में जहां प्रदेश में कुल 2,740 एमबीबीएस सीटें थीं, वहीं अब यह संख्या 13,600 हो गई है। यानी करीब पांच गुना बढ़ी सीटों की क्षमता आने वाले वर्षों में डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार करने का आधार बन रही है।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों ने बदली तस्वीर
मेडिकल शिक्षा के विस्तार में राजकीय क्षेत्र की भूमिका सबसे अहम रही है। वर्ष 2017 में प्रदेश में 15 राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित थे। 20 अगस्त 2026 तक इनकी संख्या बढ़कर 45 हो गई है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या भी वर्ष 2017 की 1,990 से बढ़कर 5,350 हो गई है। यानी इन वर्षों में राजकीय क्षेत्र में 3,360 सीटों का इजाफा हुआ है। इससे सरकारी मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसरों का दायरा पहले के मुकाबले कहीं अधिक विस्तृत हुआ है। मेडिकल शिक्षा के इस विस्तार से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने का आधार मजबूत हुआ है।
निजी क्षेत्र में भी बढ़ी क्षमता
मेडिकल शिक्षा के विस्तार में निजी क्षेत्र ने भी योगदान दिया है। वर्ष 2017 में प्रदेश में 21 निजी मेडिकल कॉलेज थे, जो 20 अगस्त 2026 तक बढ़कर 40 हो गए हैं। निजी क्षेत्र में एमबीबीएस सीटों की संख्या भी 2,700 से बढ़कर 8,250 हो गई है। इस तरह वर्ष 2017 के मुकाबले निजी क्षेत्र में 5,550 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें बढ़ी हैं। सरकारी और निजी क्षेत्र की बढ़ती क्षमता ने प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के कुल अवसरों का दायरा व्यापक किया है।
मेडिकल शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का आधार मजबूत
डीजी मेडिकल एजुकेशन नेहा शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने के साथ चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों, नर्सिंग कॉलेजों और छात्रावासों जैसी परियोजनाओं के विकास से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की क्षमता बढ़ रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों का विस्तार प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मेडिकल शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले वर्षों में इन संस्थानों से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले चिकित्सक प्रदेश और देश की स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देंगे।
डॉक्टरों की नई पीढ़ी के लिए तैयार हो रहा आधार
उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों का यह विस्तार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चिकित्सा शिक्षा को दी जा रही प्राथमिकता को रेखांकित करता है। 2017 के मुकाबले मेडिकल कॉलेजों की संख्या में 49 और एमबीबीएस सीटों में 8,910 की बढ़ोतरी हुई है। मेडिकल शिक्षा की बढ़ती क्षमता से प्रदेश में डॉक्टर बनने के इच्छुक युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार हुआ है। आने वाले वर्षों में यही बढ़ी हुई क्षमता उत्तर प्रदेश को डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार करने वाले प्रमुख राज्यों में और मजबूत भूमिका निभाने का आधार देगी।
आंकड़ों में मेडिकल शिक्षा का विस्तार
श्रेणी| वर्ष 2017 में संख्या| 20 अगस्त 2026 को स्थिति कुल मेडिकल कॉलेज| 36| 85 राजकीय मेडिकल कॉलेज| 15| 45 निजी मेडिकल कॉलेज| 21| 40 कुल एमबीबीएस सीटें| 4,690| 13,600 राजकीय क्षेत्र की सीटें| 1,990| 5,350 निजी क्षेत्र की सीटें| 2,700| 8,250
नीट यूजी की दूसरी काउंसलिंग 14 सितंबर से
मेडिकल शिक्षा के बढ़ते अवसरों के बीच उत्तर प्रदेश में नीट यूजी-2026 की द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 14 सितंबर से शुरू होगी। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश के कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया 25 सितंबर तक चलेगी। राजकीय एवं निजी मेडिकल/डेंटल कॉलेजों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित इस काउंसलिंग में ऑनलाइन पंजीकरण 14 सितंबर शाम पांच बजे से 17 सितंबर सुबह 11 बजे तक होगा। मेरिट सूची 17 सितंबर को जारी होगी। च्वाइस फिलिंग 17 सितंबर शाम पांच बजे से 19 सितंबर शाम पांच बजे तक होगी, जबकि सीट आवंटन परिणाम 21 सितंबर को घोषित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ब्रिक्स समिट पर अजय राय का सवाल, बोले- आम लोगों और देश को कितना फायदा होगा, यह देखना बाकी