यूपी में मेट्रो और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की समीक्षा, मुख्य सचिव ने समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण अवस्थापना परियोजनाओं एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कानपुर, आगरा एवं लखनऊ मेट्रो परियोजनाओं के साथ-साथ जनपद गौतमबुद्ध नगर में चिल्ला-रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक प्रस्तावित एलीवेटेड रोड परियोजना तथा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
समयसीमा और गुणवत्ता पर मुख्य सचिव का जोर
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाओं के निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों में तेजी बनाए रखने तथा गुणवत्ता के मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए निर्धारित माइलस्टोन और लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही, विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजनाओं का लाभ आमजन को जल्द मिल सके।
चिल्ला एलिवेटेड रोड के काम में तेजी के निर्देश
मुख्य सचिव ने जनपद गौतमबुद्ध नगर में चिल्ला रेगुलेटर, निकट मयूर विहार, सेक्टर-14ए से एमपी-3 रोड स्थित महामाया फ्लाईओवर, नोएडा को जोड़ने के लिए शाहदरा ड्रेन के समानांतर निर्मित की जा रही एलीवेटेड रोड परियोजना की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों में आवश्यक गति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित माइलस्टोन को समय से पूरा करने तथा परियोजना के कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
76% प्रतिष्ठानों ने कराया रोजगार योजना पंजीकरण
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव कहा कि वर्तमान में योजना के अंतर्गत 76 प्रतिशत पात्र इस्टेब्लिशमेंट द्वारा पंजीकरण कराया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष पात्र इस्टेब्लिशमेंट का भी बैठक एवं प्रभावी समन्वय के माध्यम से पंजीकरण सुनिश्चित कराने के प्रयास किए जाएं, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पात्र प्रतिष्ठानों को पंजीकरण प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लखनऊ मेट्रो कॉरिडोर-1B में टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ी
बैठक में लखनऊ मेट्रो के कॉरिडोर-1B की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि परियोजना के डिटेल्ड डिजाइन कंसल्टेंट, मेट्रो डिपो, एलिवेटेड सेक्शन तथा लिफ्ट के टेंडर अवार्ड किए जा चुके हैं। भूमिगत सेक्शन के लिए तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त सिस्टम टेंडर्स के अंतर्गत PSD, Telecom तथा AFC E&M के टेंडर वित्तीय स्वीकृति के उपरांत फ्लोट किए जा चुके हैं।
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 का काम अंतिम चरण में
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि झकरकट्टी से ट्रांसपोर्ट नगर के बीच 2 भूमिगत स्टेशनों के संरचनात्मक एवं फिनिशिंग कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं और स्टेशनों की भौतिक प्रगति 99 प्रतिशत है। वहीं, बारादेवी से नौबस्ता के बीच 5 एलिवेटेड स्टेशनों वाले खंड में संरचनात्मक कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा फिनिशिंग कार्य लगभग पूर्ण है। इस खंड में स्टेशनों की प्रगति 100 प्रतिशत है। कानपुर मेट्रो में ट्रेन टेस्टिंग एवं ट्रायल रन जनवरी 2026 से मई 2026 तक किया गया तथा थर्ड पार्टी सिग्नलिंग टेस्टिंग का कार्य मई 2026 में संपन्न हुआ। कानपुर सेंट्रल स्टेशन को छोड़कर कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक के खंड के लिए सी.एम.आर.एस. की स्वीकृति 05 जुलाई, 2026 को प्राप्त हो चुकी है।
कॉरिडोर-2 में सुरंग का काम पूरा, निर्माण जारी
कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2, जो सी.एस.ए. यूनिवर्सिटी मेट्रो स्टेशन से बर्रा-8 मेट्रो स्टेशन तक प्रस्तावित है, की समीक्षा के दौरान बताया गया कि रावतपुर से डबल पुलिया के बीच 3 भूमिगत स्टेशनों वाले खंड में सुरंग निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा संरचनात्मक एवं फिनिशिंग कार्य प्रगति पर हैं। इस खंड की भौतिक प्रगति 87.15 प्रतिशत है। इसी प्रकार सी.एस.ए. एवं विजय नगर से बर्रा-8 के बीच 5 एलिवेटेड स्टेशनों वाले खंड में संरचनात्मक कार्य प्रगति पर हैं और इसकी भौतिक प्रगति 65 प्रतिशत है।
आगरा मेट्रो के भूमिगत हिस्से में काम पूरा
आगरा मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 के शेष भूमिगत भाग में संरचनात्मक कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है और फिनिशिंग कार्य प्रगति पर है। इस सेक्शन में सी.एम.आर.एस. निरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। कॉरिडोर के एलिवेटेड हिस्से में आई.एस.बी.टी. मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष दो स्टेशनों पर निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है।
आगरा मेट्रो कॉरिडोर-2 में निर्माण तेज
आगरा मेट्रो के कॉरिडोर-2, आगरा कैंट से कालिंदी विहार, के संबंध में बताया गया कि 14 एलिवेटेड स्टेशनों एवं वायाडक्ट के निर्माण से संबंधित कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। परियोजना में यूटिलिटी आइडेंटिफिकेशन, बैरिकेडिंग बोर्ड, पाइल कैप, पाइलिंग, पियर, पियर कैप तथा यू-गर्डर से संबंधित कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। लाइन-2 के प्राथमिकता वाले खंड आगरा कैंट से आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन तक तथा शेष सेक्शन को यथाशीघ्र पूर्ण करने के लिए कार्य प्रभावी रूप से किया जा रहा है। परियोजना को समयबद्ध एवं चरणबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
चिल्ला रोड परियोजना की प्रगति 65.50 प्रतिशत
जनपद गौतमबुद्ध नगर में चिल्ला-रेगुलेटर, निकट मयूर विहार, सेक्टर-14ए से एमपी-3 रोड स्थित महामाया फ्लाईओवर, नोएडा को जोड़ने हेतु शाहदरा ड्रेन के समानान्तर निर्मित की जा रही एलीवेटेड रोड परियोजना की भी बैठक में समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि परियोजना की कुल भौतिक प्रगति 65.50 प्रतिशत तथा वित्तीय प्रगति 54.96 प्रतिशत है। परियोजना का प्रथम माइलस्टोन माह दिसम्बर में प्राप्त कर लिया गया है। वर्तमान में परियोजना का कार्य निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रगति पर है तथा द्वितीय माइलस्टोन भी निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त कर लिया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: बुंदेलखंड जल संकट से निपटने की नई पहल, पानी के हिसाब से तय होगी खेती और सिंचाई की योजना