यूपी में मृतक आश्रितों की नियुक्ति प्रक्रिया हुई ऑनलाइन
लखनऊ (यूपी)। उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की मृत्यु के पश्चात उनके आश्रितों को नियुक्ति पाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। राज्य की योगी सरकार ने मृतक आश्रित कोटे से नियुक्ति के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है।
आवेदन से नियुक्ति तक सब ऑनलाइन
यूपी के कार्मिक विभाग ने मृतक आश्रित कोटे से नियुक्ति प्रक्रिया में बड़ा सुधार करते हुए मृत सरकारी कर्मियों के आश्रितों के लिए आवेदन से लेकर नियुक्तिपत्र जारी होने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। नियुक्ति की यह प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से पूरा करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में प्रमुख -सचिव, कार्मिक एम देवराज ने सभी विभागों, जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों के लिए शासनादेश जारी कर दिया है।
नियमों के तहत लागू नई व्यवस्था
शासनादेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती प्रक्रिया नियमावली, 1974 (यथा संशोधित) के तहत मृतक आश्रितों की तैनाती की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एनआईसी ने मानव संपदा पोर्टल पर मृतक आश्रित सेवायोजन मॉड्यूल विकसित किया है।
आवेदन प्रक्रिया हुई सरल
सभी संबंधित कार्यालय व निदेशालय अपने सभी ऑफिस एडमिन आईडी के जरिये इस काम के लिए प्रथम स्तर, अप्रूविंग और ऑर्डर अथॉरिटी नामित कराएंगे। आवेदक को वेबसाइट www.ehrms.upsdc.gov.in पर मांगी गई सूचनाएं देनी होंगी। आवेदक को आवेदन के सभी चरण पूरा कर आवेदन लॉक करना होगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/up-revenue-rises-despite-gst-cuts-impact/155278