पंचायतों को मिलेगी नई ताकत, योगी सरकार ने अनुपूरक बजट में दिए 241.31 करोड़ रुपये
लखनऊ: योगी सरकार ने पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट में 241.31 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे ग्राम पंचायतों को सामाजिक, प्रशासनिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।
हर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे पंचायत उत्सव भवन
अनुपूरक बजट में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण के लिए 109.98 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योगी सरकार का उद्देश्य पंचायतों को केवल प्रशासनिक इकाई तक सीमित न रखकर उन्हें ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और सामाजिक आयोजनों का सशक्त केंद्र बनाना है।
ग्राम सचिवालयों में मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान बनाने के लिए प्रदेश के सभी ग्राम सचिवालयों में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए अनुपूरक बजट में 70 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीणों को आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अधिकांश सुविधाएं गांव स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ग्राम सौर योजना को मिलेगा बढ़ावा
योगी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ग्राम सौर योजना के तहत 30 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है। इससे ग्राम पंचायतों में ऊर्जा संबंधी सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़े: अनुच्छेद 370 हटने के 7 साल बाद: जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास, PoJK में अशांति और दमन की हकीकत