रक्षाबंधन पर यूपी में भाई-बहनों ने लगाए 1.09 लाख पौधे, बनीं 59 नई रक्षाबंधन वाटिकाएं
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। रक्षाबंधन पर भाई-बहनों ने प्रदेश में एक लाख से अधिक पौधे लगाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में इस विशिष्ट वन (रक्षाबंधन वाटिका) में पौधरोपण किया। विशिष्ट वनों के अंतर्गत सभी वन प्रभागों में 28 अगस्त (शुक्रवार) को रक्षाबंधन वाटिका में पौधे लगाए गए।
59 स्थलों पर रोपे गए 1,09,171 पौधे
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधरोपण महायज्ञ-2026 में विशिष्ट वन (महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा वन, एक्सप्रेस-वे-पौधरोपण, अविरल धारा पौधरोपण, वंदे मातरम वाटिका) आदि स्थापित किए गए। इसी श्रृंखला में 'भाई-बहन' के स्नेह के प्रतीक' रक्षाबंधन पर 28 अगस्त (शुक्रवार) को प्रत्येक वन प्रभाग में 'भाई-बहन पौधरोपण के माध्यम से 59 स्थलों पर 109171 पौधे रोपित कर 59 नई रक्षाबंधन वाटिकाओं की स्थापना की गई।
पेड़-पौधों को बांधा रक्षासूत्र
रक्षाबंधन पर बहनों ने भाइयों को राखी बांधकर उनकी खुशहाली की कामना की तो भाई-बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लिया। रक्षाबंधन पर पर्यावरण व प्रकृति के उपकारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा पर्यावरण प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रत्येक प्रभाग में पौध रोपित किए गए। भाई-बहनों ने पौधरोपण के साथ ही संयुक्त रूप से पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर सुरक्षा का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने लगाया बरगद का पौधा
गोरखपुर वन प्रभाग में रक्षाबंधन पर भाई-बहन पौधरोपण के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर में बरगद का पौधा रोपा। साथ ही मौलश्री समेत 101 अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रजातियों पर छात्र एवं छात्राओं ने रक्षासूत्र बांधकर प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया गया।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार की आजीविका मिशन से बदली निर्मला की जिंदगी, मजदूरी से सफल उद्यमी बनीं सोनभद्र की महिला