उत्तर प्रदेश पुलिस ने नाबालिग से रेप करने वाले आरो

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में यूपी पुलिस को मिली बड़ी सफलता

UP Crime News

सहारनपुर: थाना कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर पुत्र लाखन सिंह, निवासी ग्राम मुजफ्फरपुर खादर, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, 2 मई को पीड़िता के परिजनों द्वारा थाना कोतवाली देहात में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया. 

इन धाराओं में किया गया मुकदमा दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 184/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएसएस) की धारा 137(2), 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5N/6 के तहत मामला पंजीकृत किया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. 

आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया

इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक ह्रदय नारायण सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की. पुलिस टीम ने शनिवार को टपरी अंडरपास के पास मिनी बाईपास से आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. 

इस गिरफ्तारी को माना जा रहा बड़ी सफलता

इस गिरफ्तारी को नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढ़ें- हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, जानें क्या है कारण