उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात एक पुलिसकर्मी प

उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप, पत्नी ने CM और DGP से मांगा न्याय

Wife Seeks Justice To CM and DGP

बांदा: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तैनात एक पुलिसकर्मी पर उसकी पहली पत्नी ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस महानिदेशक तक शिकायत भेजी है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने बिना कानूनी तलाक लिए दूसरी शादी कर ली, जो न केवल भारतीय कानून का उल्लंघन है बल्कि पुलिस सेवा के आचरण नियमों के भी खिलाफ है। शिकायत सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं।

अभी तक नहीं हुआ तलाक

पीड़िता का कहना है कि उसकी शादी 26 मई 2002 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहे, लेकिन समय के साथ संबंधों में विवाद उत्पन्न हो गया। महिला का दावा है कि आज तक किसी सक्षम न्यायालय द्वारा उनके विवाह का तलाक नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार का वैधानिक विवाह विच्छेद आदेश जारी किया गया है।

बिना तलाक हुए कर ली दूसरी शादी

महिला का आरोप है कि कानूनी रूप से विवाह समाप्त हुए बिना ही उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में कार्यरत उसके पति ने दूसरी महिला से विवाह कर लिया। अगर यह आरोप जांच में सही साबित होता है तो यह भारतीय दंड कानून, हिंदू विवाह अधिनियम और उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा आचरण नियमों के गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में आ सकता है।

सीएम सहित इन अधिकारियों से की न्याय की मांग

पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी शिकायत की प्रतिलिपि कई वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी है। इनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त लखनऊ, पुलिस अधीक्षक फतेहपुर, पुलिस अधीक्षक बांदा सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हैं। महिला का कहना है कि उसके पास विवाह से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज, प्रमाण और अन्य साक्ष्य सुरक्षित हैं। उसने दावा किया है कि जांच एजेंसियों द्वारा मांगे जाने पर वह सभी अभिलेख उपलब्ध कराएगी और जांच में पूरा सहयोग करेगी। 

ये भी पढ़ें- महिलाओं से अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, ऑपरेशन मजनू के तहत इटावा पुलिस ने मनचले को किया गिरफ्तार