यूपी पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
UP News : उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने एक उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों (भर्ती-2025) की लिखित परीक्षा का परिणाम 7 मई 2026 को घोषित कर दिया है। राज्य में 4543 पदों के लिए 12,333 अभ्यर्थी अगले चरण (DV/PST) के लिए सफल हुए हैं।
परीक्षा 14-15 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के बाद गुरुवार को उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है।
12,333 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए सफल घोषित
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने एक विज्ञप्ति में बताया कि भर्ती बोर्ड की नियमावली और निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा परिणाम घोषित किया है। परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में आयोजित की गई थी। पूरी प्रक्रिया अपनाते हुए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 35 प्रतिशत और कुल 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में से मेरिट और आरक्षण के आधार पर 12,333 अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी/पीएसटी) के लिए सफल घोषित किया गया है। लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थी भर्ती बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर परिणाम देख सकते हैं।
निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती से युवाओं में बढ़ा भरोसा
योगी सरकार में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, तकनीकी रूप से मजबूत और समयबद्ध बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। यही वजह है कि युवाओं का सरकारी भर्तियों के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। भर्ती बोर्ड के मुताबिक, डीवी/पीएसटी की प्रक्रिया मई के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। इसकी पूरी जानकारी जल्द ही बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/thambidurai-claims-aiadmk-will-return-to-power-in-tamil-nadu/183664