शहर कोतवाली क्षेत्र के दरीबा स्थित निर्माणाधीन रिं

रायबरेली में धू-धूकर जली रोडवेज बस, खिड़कियों से कूदकर भागे सहमे यात्री

UP Roadways Bus Catches Fire After Collision With Bike

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। शहर कोतवाली क्षेत्र के दरीबा स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड के पास आज उस वक्त चीख-पुकार और हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार बाइक सवारों के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रफ्तार का कहर ऐसा था कि टक्कर लगते ही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की चलती बस आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आसमान में धुएं का गुबार छा गया और सामने मौत मंडराती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

रफ्तार का जुनून और सामने खड़ी मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि रोंगटे खड़े हो जाएं। एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक अचानक अनियंत्रित होकर चलती रोडवेज बस के सामने आ घुसे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरे।

खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

टक्कर लगते ही बस के इंजन से चिंगारी उठी और चंद सेकंडों में पूरी बस में भीषण आग लग गई। बस के भीतर बैठे मुसाफिरों को समझ ही नहीं आया कि पल भर में क्या हो गया। चारों तरफ सिर्फ चीखें और 'बचाओ-बचाओ' की आवाजें गूंज रही थीं। जान बचाने की जद्दोजहद में यात्री खिड़कियों से कूदने लगे, तो कोई दरवाजा तोड़कर भागा। गनीमत रही कि सभी यात्रियों ने समय रहते कूदकर और भागकर अपनी जान बचाई।

पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस और दमकल की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। रोडवेज बस में लगी भीषण आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। सबसे राहत की बात यह है कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को आंच नहीं आई है।

घायल बाइक सवार युवक नजदीकी अस्पताल में भर्ती

घायल बाइक सवार युवकों को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और पुलिस प्रशासन राहत तथा बचाव कार्य में जुटा हुआ है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद से इलाके में हर कोई सहमा हुआ है।

यह भी पढ़ें: आबूरोड में 30 फीट गहरे गड्ढे में गिरी तेज रफ्तार बाइक, तीन युवक घायल