सहारनपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक

सहारनपुर में शादी का झांसा देकर चार साल तक बनाए शारीरिक संबंध, आरोपी गिरफ्तार

UP: Saharanpur Police Arrest Man Accused of Rape on Marriage Pretext

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ चार वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने, शादी से इनकार करने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज

पुलिस के अनुसार, 21 मई को पीड़िता ने थाना मंडी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि तोता चौक निवासी ऋतिक कश्यप पुत्र अश्वनी ने शादी का वादा कर पिछले चार वर्षों से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसने पीड़िता के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना मंडी में मुकदमा संख्या 248/26 धारा 69, 115(2), 352, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में आरोपी की तलाश की जा रही थी। आज मुखबिर की सूचना पर थाना मंडी पुलिस टीम ने मंडी समिति तिराहे से आरोपी ऋतिक कश्यप को गिरफ्तार कर लिया।

महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी, उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह, कांस्टेबल अनुजपाल और रिक्रूट कांस्टेबल यशपाल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें:   सिंगरौली में 722 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, स्कॉर्पियो समेत 11 लाख से अधिक का मशरूका बरामद