यूपी में गन्ना समितियां बनेंगी महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का माध्यम
लखनऊ (यूपी)। उत्तर प्रदेश में गन्ना समितियां अब किसानों के साथ ही महिलाओं के स्वालंबी बनाने का माध्यम बनेंगी। राज्य में कुटीर उद्योगों से जुड़ी महिलाओं को उत्पादों के प्रदर्शन व बिक्री के लिए जगह दी जाएगी जिससे कमाई कर सकेंगी। राज्य की योगी सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए गन्ना समितियों में निशुल्क स्थान उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
उत्पादों की बिक्री के लिए हुआ विशेष समझौता
इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रेरणा कैंटीन और अपने उत्पादों के प्रदर्शन व बिक्री के लिए जगह दी जाएगी। इसके लिए चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के बीच समझौता किया है। गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस. ने बताया कि प्रदेश की गन्ना सहकारी समितियां अपने परिसरों में उपलब्ध खाली या अतिरिक्त स्थान को महिला स्वयं सहायता समूहों को उपलब्ध कराएंगी। इनके उपयोग के लिए शुरुआती दो वर्षों तक कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा संगठित बाजार
दो साल बाद स्वयं सहायता समूहों को केवल 50 फीसदी किराया ही देना होगा, जो जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित सर्किल रेट के अनुसार तय किया जाएगा। गन्ना समितियों द्वारा उपलब्ध कराए गए स्थान का स्वामित्व पूरी तरह संबंधित समिति के पास ही रहेगा। इससे सरकारी परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। प्रेरणा कैंटीन और डिस्प्ले/मार्केटिंग सेंटर के माध्यम से महिलाएं अपने हस्तनिर्मित और घरेलू उत्पादों को बेच सकेंगी। इनमें खाद्य पदार्थों के अलावा सोलर लैंप, हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद और अन्य स्थानीय वस्तुएं शामिल हैं। इससे महिलाओं की आय बढ़ेगी और स्थानीय उत्पादों को भी एक संगठित बाजार मिलेगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/us-seizes-iranian-ship-tensions-escalate-in-oman-sea/175859