उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंप

UPITS-2026 में छाया उत्तर प्रदेश पर्यटन, 5.5 लाख लोगों ने देखा पवेलियन

UP Tourism Shines at UPITS-2026, Pavilion Draws 5.5 Lakh Visitors

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक संपदा ने यूपीआईटीएस-2026 में देश-दुनिया के लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का पवेलियन आगंतुकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। यहां करीब साढ़े पांच लाख लोगों ने पवेलियन का भ्रमण किया।

10 हजार यात्रा मार्गदर्शिकाओं की मांग

आयोजन के दौरान करीब 10 हजार मुद्रित यात्रा मार्गदर्शिकाओं और यात्रा कार्यक्रमों की मांग रही। वहीं लगभग 100 आगंतुकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश एवं सहयोग से जुड़ी संभावनाओं में रुचि दिखाई। विभागीय अधिकारियों ने करीब 20 टूर ऑपरेटरों के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थलों और विभिन्न पर्यटन उत्पादों को पर्यटकों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की।

नए पर्यटन अनुभवों पर जोर

पवेलियन में अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ नीब करौरी बाबा यात्रा मार्ग, कन्नौज की इत्र विरासत और वन्यजीव एवं ईको-टूरिज्म को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इसके जरिए उत्तर प्रदेश को केवल प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों तक सीमित न रखते हुए अनुभव आधारित और विविध पर्यटन गंतव्य के रूप में पेश किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की पर्यटन विविधता को अनुभव आधारित यात्रा मार्गों के माध्यम से देश-दुनिया के सामने रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस में मिले रिस्पॉन्स से पर्यटकों की नए पर्यटन अनुभवों और प्रदेश के अन्य जिलों को देखने में रुचि का संकेत मिलता है।

डिजिटल तकनीक से यात्रा योजना को बढ़ावा

पर्यटन पवेलियन में डिजिटल तकनीक भी आकर्षण का केंद्र रही। क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सामग्री को करीब 500 लोगों ने एक्सेस किया। इसके जरिए आगंतुकों को पर्यटन स्थलों और यात्रा मार्गों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई। डिजिटल सामग्री और मुद्रित गाइड के जरिए संभावित पर्यटकों को भविष्य की यात्रा की योजना बनाने में मदद मिली।

निवेश और साझेदारी के अवसर

पवेलियन में हॉस्पिटैलिटी परियोजनाओं, गंतव्य विकास, पर्यटक सुविधाओं और अनुभव आधारित पर्यटन से जुड़े निवेश के अवसरों को भी प्रदर्शित किया गया। निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ पर्यटन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। आयोजन के दौरान प्राप्त निवेश और सहयोग से जुड़ी पूछताछ एवं प्रस्तावों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित टीमों को भेजा गया है।

VR में दिखी ब्रज की झलक

उत्तर प्रदेश पर्यटन पवेलियन में भगवान श्रीकृष्ण की ब्रज लीला पर आधारित आभासी वास्तविकता (VR) प्रस्तुति खास आकर्षण रही। इसके जरिए आगंतुकों को ब्रज की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का तकनीक आधारित अनुभव कराया गया। इसके अलावा इंटरैक्टिव मैग्नेटिक फील्ड गेम, क्विज, सिनेमाई फोटो बूथ और थीम आधारित सेल्फी जोन ने भी बच्चों, युवाओं और परिवारों को आकर्षित किया।

जरदोजी, इत्र और नृत्य ने बढ़ाई रौनक

पवेलियन में लाइव जरदोजी कढ़ाई के प्रदर्शन के जरिए प्रदेश की पारंपरिक शिल्पकला को दिखाया गया। वहीं कन्नौज के इत्र ने उत्तर प्रदेश की सदियों पुरानी सुगंधित विरासत से लोगों को परिचित कराया। मार्बल डस्ट से बने उत्पादों ने भी आगंतुकों का ध्यान खींचा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मथुरा का मयूर नृत्य और लखनऊ की कथक प्रस्तुतियां प्रमुख रहीं। बैकलिट डिस्प्ले, डिजिटल इंस्टॉलेशन और थीम आधारित सजावट के जरिए प्रदेश के धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, ग्रामीण और प्रकृति आधारित पर्यटन को एक साथ प्रस्तुत किया गया।

पर्यटन विभाग ने आगे की योजना पर बढ़ाया फोकस

पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि पर्यटन पवेलियन ने आगंतुक सहभागिता केंद्र के साथ-साथ पर्यटन व्यापार मंच की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यात्रा कार्यक्रमों के वितरण, डिजिटल माध्यमों से जुड़ाव, निवेश संबंधी पूछताछ और टूर ऑपरेटरों के साथ हुई चर्चाओं से आगे की कार्ययोजना के लिए आधार तैयार हुआ है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार ने भी पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न हितधारकों से संवाद किया। विभाग अब यूपीआईटीएस-2026 के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों और टूर ऑपरेटरों के साथ हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाकर प्रदेश के पर्यटन उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने की दिशा में काम करेगा।

ये भी पढ़ें: ₹645 करोड़ के कथित गबन मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़-मोहाली-पंचकुला में 14 ठिकानों पर छापे