यूपीआईटीएस में परिवहन विभाग का सड़क सुरक्षा पर जोर, 28 से 30 सितंबर तक चलेगा ऑपरेशन कवच
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा (उत्तराखंड)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के चौथे संस्करण में परिवहन विभाग ने सुरक्षित, सुगम और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था से जुड़ी पहल की जानकारी दी। ग्रेटर नोएडा में लगे विभागीय स्टॉल पर सेवाओं, सड़क सुरक्षा और वाहन संबंधी नई व्यवस्थाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
28 से 30 सितंबर तक चलेगा ऑपरेशन कवच
परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने तकनीकी कार्यशाला में बताया कि अनधिकृत रूप से संचालित बसों के खिलाफ 28 से 30 सितंबर तक प्रदेशव्यापी विशेष अभियान ऑपरेशन कवच चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य परिवहन नियमों के अनुपालन को प्रभावी बनाना और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
ईओएल वाहनों को अधिकृत स्क्रैप केंद्र भेजने की अपील
अमृत अभिजात ने एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण और खराब होती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए एंड ऑफ लाइफ (ईओएल) वाहनों को अधिकृत स्क्रैप केंद्र पर स्क्रैप कराने की अपील की। उन्होंने एनसीआर के वाहन स्वामियों से पुराने और निर्धारित मानकों के अनुसार जीवन पूरा कर चुके वाहनों को अधिकृत केंद्र तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि पुराने वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सके।
परिवर्तन पोर्टल से आवेदन की अपील
परिवहन विभाग ने परिवर्तन योजना की जानकारी देते हुए यूरो मानक बीएस-1, बीएस-2, बीएस-3 और बीएस-4 वाले वाहनों के स्वामियों से परिवर्तन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की अपील की। कार्यशाला में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के लिए यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया।
हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग पर जोर
लोगों से नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की गई। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने को कहा गया। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।
52 सेवाएं फेसलेस, 40 ऑटो अप्रूवल मोड में
परिवहन विभाग ने बताया कि जनसुविधा के लिए उसकी 52 सेवाओं को फेसलेस किया गया है। वहीं 40 सेवाएं ऑटो अप्रूवल मोड में संचालित की जा रही हैं। इससे परिवहन विभाग की डिजिटल सुविधाओं का दायरा बढ़ा है। यूपीआईटीएस में परिवहन विभाग के स्टॉल पर ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जा रही है। सिमुलेटर के जरिए युवाओं को भी ड्राइविंग से जुड़ी तकनीक और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का ऐलान- खिलाड़ियों के सुझाव सपा के चुनावी घोषणा पत्र में होंगे शामिल