सीएम युवा एक्सपो में दिखी यूपी के युवाओं की कारोबारी प्रतिभा, 15 हजार से अधिक लोग पहुंचे
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के तहत आयोजित सीएम युवा एक्सपो-2026 में उत्तर प्रदेश के युवा उद्यमियों के उत्पादों, कारोबारी विचारों और सफल बिजनेस मॉडल को मंच मिल रहा है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित एक्सपो के दूसरे दिन युवाओं के कारोबार को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया गया। दूसरे दिन करीब 15 हजार से अधिक आगंतुक एक्सपो में पहुंचे। इस दौरान करीब दो लाख रुपये की B2C बिक्री हुई, जबकि संभावित खरीदारों, वितरकों और कारोबारी साझेदारों से 1,150 B2B पूछताछ दर्ज की गईं। इससे युवा उद्यमियों को नए बाजार तलाशने और कारोबार विस्तार के अवसर मिले।
मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टॉलों का किया भ्रमण
दूसरे दिन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने एक्सपो के विभिन्न हॉल का भ्रमण किया। उन्होंने सीएम युवा के स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों और कारोबार मॉडलों की जानकारी ली। इस दौरान युवा उद्यमियों से उनके व्यवसाय, बाजार विस्तार और सीएम युवा योजना से मिले सहयोग के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।
थीम पवेलियन में सामने आए कारोबार मॉडल
थीम पवेलियन में आयोजित सत्र के दौरान प्रोजेक्ट गंगा, मिलेनस्ट-जैविक फूड, द मास्टर ब्रांड्स, पिज्जा ओडिला और द पर्ल टाउन ने अपने उत्पादों, कारोबार मॉडल और भविष्य की विस्तार योजनाओं को प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों के जरिए युवा प्रतिभागियों को यह समझने का अवसर मिला कि बाजार की जरूरत के अनुरूप किसी उत्पाद को विकसित कर उसे कारोबार में कैसे बदला जा सकता है।
पिच टैंक में युवाओं ने रखे कारोबारी विचार
दूसरे दिन आयोजित पिच टैंक में एमिटी यूनिवर्सिटी, आईपीईसी कॉलेज, आईटीएस और जीएल बजाज सहित विभिन्न संस्थानों के चयनित प्रतिभागियों ने निर्णायक मंडल के सामने अपने कारोबार विचार और मॉडल प्रस्तुत किए। युवाओं ने अपने उत्पादों और सेवाओं, लक्षित बाजार, आय मॉडल, कारोबार विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर प्रस्तुतियां दीं। इस मंच के जरिए उन्हें विशेषज्ञों की राय लेने और अपने विचारों को बाजार की जरूरत के अनुरूप बेहतर बनाने का अवसर मिला।
आर्थिक सहायता के साथ बाजार से जोड़ने पर जोर
योगी सरकार की सीएम युवा योजना के जरिए युवाओं को उद्यम स्थापित करने में सहयोग देने के साथ उनके कारोबार को बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। सीएम युवा एक्सपो इसी दिशा में मंच के रूप में सामने आया है। यहां युवाओं को उत्पाद प्रदर्शन और बिक्री के साथ B2B संपर्क, ब्रांडिंग, वितरण नेटवर्क और कारोबार विस्तार के अवसर मिल रहे हैं। फ्रेंचाइजी, मशीन आपूर्ति और बिजनेस ऑन व्हील्स जैसे अलग-अलग कारोबारी मॉडल भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रतिभा को बड़े बाजार से जोड़ रहा ट्रेड शो
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सीएम युवा की भागीदारी का उद्देश्य प्रदेश के युवा उद्यमियों को स्थानीय बाजार से राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुंच दिलाना है। देश-विदेश से आए खरीदारों, कारोबारी प्रतिनिधियों और संभावित साझेदारों के बीच युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद और सेवाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।
सीएम युवा एक्सपो की गतिविधियों के जरिए युवाओं की उद्यमिता और कारोबारी क्षमता को सामने लाया जा रहा है। आगामी दिनों में भी एक्सपो में उत्पाद प्रदर्शन, कारोबार प्रस्तुतियां, पिच टैंक और कारोबारी संपर्क से जुड़ी गतिविधियां जारी रहेंगी।
यह भी पढ़ें: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में छाया यूपी का स्वाद, ओडीओसी पवेलियन में मिर्जापुर के गुड़ से बन रहा ठेकुआ