उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में सूचना

UPITS में युवाओं के लिए ज्ञान और करियर का केंद्र बना सूचना विभाग का पवेलियन

UPITS Pavilion Becomes Youth Hub for Knowledge and Careers

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन पांच दिनों तक युवाओं के लिए ज्ञान, करियर और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का प्रमुख केंद्र बना रहा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी पुस्तकों से लेकर प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की डिजिटल झलक तक, पवेलियन में युवाओं के लिए कई तरह की गतिविधियां और सामग्री उपलब्ध रही। यही वजह रही कि यहां दिनभर युवाओं की आवाजाही बनी रही।

किताबों में दिखी करियर की राह

पवेलियन में भारतीय इतिहास, संस्कृति, राजनीतिक विज्ञान, उभरते भारत, उभरते उत्तर प्रदेश और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी पुस्तकों ने युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। कई युवा पवेलियन में बैठकर किताबें पढ़ते नजर आए, जबकि कुछ ने पसंद आई पुस्तकों और उनके प्रकाशकों की जानकारी अपने मोबाइल में दर्ज की। उत्तर प्रदेश वार्षिकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच खास आकर्षण रही। सिकंदराबाद से आईं पीसीएस अभ्यर्थी निधि यादव ने बताया कि उनकी क्लासमेट ने उन्हें ट्रेड शो में उपलब्ध उत्तर प्रदेश वार्षिकी के बारे में जानकारी दी थी। वह विशेष रूप से इस पुस्तक को देखने और लेने के लिए पवेलियन पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उत्तर प्रदेश से संबंधित प्रमाणिक सामान्य ज्ञान सामग्री काफी उपयोगी होती है।

संस्कृति और विरासत से भी जुड़े युवा

पवेलियन में ‘बनारस तेरे रंग हजार’, ‘योगी का राम राज्य’, ‘लोक आराधना की अभिव्यक्ति’, ‘तीर्थनामा अयोध्या’, ‘न्यू यूपी फॉर ए न्यू इंडिया’ और ‘विकसित यूपी विकसित भारत’ जैसी पुस्तकों में भी युवाओं ने रुचि दिखाई। इसके साथ ही युवाओं को प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से डिजिटल माध्यम से जुड़ने का अवसर मिला। अयोध्या का राम मंदिर, वाराणसी का नमो घाट, वृंदावन का प्रेम मंदिर और सारनाथ जैसे प्रमुख स्थलों को पवेलियन में आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया।

सेल्फी के लिए आधे घंटे तक इंतजार

पवेलियन का सेल्फी जोन युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा। युवा अपनी पसंद के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को बैकग्राउंड में चुनकर सेल्फी लेते नजर आए। इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब भी बच्चों और युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ सेल्फी लेने के लिए भी लोगों की लंबी कतारें लगीं। भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई युवाओं को अपनी बारी के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। सेल्फी लेने के बाद सूचना विभाग की ओर से युवाओं को उपहार भी दिए गए।

ज्ञान और मनोरंजन का संगम

पांच दिनों के दौरान सूचना विभाग का पवेलियन केवल जानकारी देने का केंद्र नहीं रहा, बल्कि युवाओं को किताबों, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री, डिजिटल तकनीक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का मंच भी बना। ट्रेड शो में युवाओं की मौजूदगी ने यह दिखाया कि जब ज्ञान, करियर और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाता है, तो युवा उनमें सक्रिय रुचि लेते हैं।

ये भी पढ़ें: ₹645 करोड़ के कथित गबन मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़-मोहाली-पंचकुला में 14 ठिकानों पर छापे