TMC के पूर्व विधायक रामेंदु सिन्हा राय कर्नाटक से गिरफ्तार, हुगली में लोगों ने फेंके अंडे, 'चोर-चोर' के लगाए नारे
हुगली: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में तारकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और टीएमसी नेता रामेंदु सिन्हा राय की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को भारी हंगामा देखने को मिला। कर्नाटक के बेलगांव से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाए गए रामेंदु सिन्हा राय को जब धनियाखाली पुलिस स्टेशन पहुंचाया गया, तो वहां मौजूद लोगों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ लोगों ने उन पर अंडे भी फेंके और "चोर-चोर" के नारे लगाए।
राहत सामग्री चोरी के आरोप में दर्ज हुआ मामला
हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) कुंवर भूषण सिंह ने बताया कि 11 जून की शाम करीब 7 बजे बिजली कटौती के दौरान एक सरकारी राहत सामग्री चोरी किए जाने की घटना सामने आई थी। आरोप है कि पूर्व विधायक रामेंदु सिन्हा राय और उनके सहयोगी विवेकानंद टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, कोतलपुर से मोटर वैन के जरिए सरकारी राहत सामग्री ले जा रहे थे।
भाजपा समर्थकों ने किया विरोध
पुलिस के मुताबिक, राहत सामग्री ले जाए जाने की सूचना मिलने पर कुछ स्थानीय भाजपा समर्थकों ने वाहन को रोक लिया और इसका विरोध किया। इसी दौरान कथित तौर पर रामेंदु सिन्हा राय ने हथियार दिखाकर भाजपा समर्थकों को धमकाया और मौके से फरार हो गए।
कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
घटना के बाद धनियाखाली पुलिस स्टेशन में 12 जून 2026 को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रामेंदु सिन्हा राय और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया है।
बेलगांव से हुई गिरफ्तारी
पुलिस जांच के दौरान रामेंदु सिन्हा राय की लोकेशन कर्नाटक के बेलगांव में मिली। इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर हुगली लेकर आई।
थाने पहुंचते ही भड़का लोगों का गुस्सा
धनियाखाली पुलिस स्टेशन पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। लोगों ने पूर्व विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर अंडे फेंककर अपना विरोध जताया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: 'दूषित मन वालों ने बुंदेलखंड को बदनाम किया', महोबा में गरजे सीएम योगी आदित्यनाथ