योगी सरकार में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग

यूपीएसएसएससी ने एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का अंतिम परिणाम किया घोषित, 377 अभ्यर्थी चयनित

UPSSSC Declares X-Ray Technician Final Result

लखनऊ। योगी सरकार में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने एक्स-रे टेक्नीशियन (सामान्य चयन) मुख्य परीक्षा-2023 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत विज्ञापित 382 पदों में से 377 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है, जबकि दिव्यांग श्रेणी के अंतर्गत उपश्रेणी एचएच के पात्र अभ्यर्थियों के उपलब्ध न होने के कारण 5 पद रिक्त रह गए हैं।

लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के बाद जारी हुआ परिणाम

आयोग ने बताया कि लिखित परीक्षा के स्कोर और अभिलेख परीक्षण (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है। चयनित अभ्यर्थियों की श्रेणीवार सूची के साथ कट-ऑफ अंक भी जारी किए गए हैं। सामान्य वर्ग में 150, अनुसूचित जाति (एससी) में 79, अनुसूचित जनजाति (एसटी) में 8, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में 102 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) में 38 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वहीं सामान्य वर्ग का 3, अनुसूचित जाति का 1 और ओबीसी का 1 पद रिक्त रह गया।

कुछ आरक्षित श्रेणियों में नहीं मिले पर्याप्त पात्र अभ्यर्थी

क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी में 4, दिव्यांग (एचएच) श्रेणी में 3, अन्य दिव्यांग श्रेणियों में 7 तथा महिला श्रेणी में 76 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित पद पर कोई चयन नहीं हो सका। आयोग ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी में निर्धारित सात पदों के मुकाबले केवल चार पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध हुए। वहीं भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण संबंधित पद मेरिट के अनुसार अन्य अभ्यर्थियों से भरे गए। दिव्यांग (एचएच) श्रेणी में विज्ञापित आठ पदों के मुकाबले केवल तीन पात्र अभ्यर्थी मिलने के कारण पांच पद रिक्त रखे गए हैं। आयोग ने यह कार्रवाई शासनादेशों के अनुरूप की है।

आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं परिणाम

आयोग द्वारा जारी अंतिम परिणाम के साथ श्रेणीवार कट-ऑफ अंक भी प्रकाशित किए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम, मेरिट सूची और चयन संबंधी अन्य जानकारी देख सकते हैं।

UP SI भर्ती में 4543 अभ्यर्थी चयनित

यूपी पुलिस SI भर्ती-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 4543 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ है। चयन सूची UPPBPB बोर्ड की वेबसाइट पर जारी की गई है। लिखित परीक्षा का आयोजन 14 और 15 मार्च 2026 को किया गया था। अभ्यर्थियों का चयन मेरिट सूची और आरक्षण नियमों के आधार पर किया गया है। बोर्ड ने पदवार और श्रेणीवार चयन सूची भी जारी की है। वहीं, परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी 22 जुलाई से वेबसाइट पर अपने सामान्यीकृत (Normalized) अंक देख सकेंगे।

यह भी पढ़े: लखनऊ में विश्व युवा कौशल दिवस 2026: सीएम योगी लॉन्च करेंगे कौशल सारथी और सेतु मॉड्यूल