दिल्ली में युवक के शरीर के अंदर गर्भाशय और ‘फैलोपियन ट्यूब’ जैसी संरचनाएं मिली
नई दिल्ली (भारत)। दिल्ली में 26 वर्षीय व्यक्ति के शरीर के अंदर गर्भाशय और ‘फैलोपियन ट्यूब’ जैसी संरचनाएं मिलीं। इसके बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने उसमें एक दुर्लभ जन्मजात बीमारी का पता लगाया, जिसका वयस्क होने तक पता नहीं चल पाया था। राष्ट्रीय राजधानी के एक निजी अस्पताल में यह व्यक्ति बांझपन की शिकायत लेकर पहुंचा था और जांच के दौरान वीर्य में शुक्राणुओं की अनुपस्थिति पाई गई। उसके दोनों अंडकोष भी सामान्य स्थान पर नहीं थे।
पेल्विक हिस्से में गर्भाशय जैसी संरचना
डॉक्टरों ने बताया कि एमआरआई और आनुवंशिक जांच समेत आगे की जांच में पेल्विक हिस्से में गर्भाशय जैसी संरचना और नलिकानुमा संरचनाएं मिलीं। जांच में पता चला कि युवक परसिस्टेंट म्यूलरियन डक्ट सिंड्रोम (पीएमडीएस) से पीड़ित है। यह एक दुर्लभ जन्मजात बीमारी है, जिसमें पुरुष होने के बावजूद शरीर में गर्भाशय और फैलोपियन ट्यूब जैसी संरचनाएं मौजूद रहती हैं।
डॉक्टरों को एक छोटा और अविकसित गर्भाशय मिला
डॉक्टरों ने बताया कि चिकित्सा साहित्य में पीएमडीएस के 300 से कम मामले सामने आए हैं। लेप्रोस्कोपी के दौरान डॉक्टरों को एक छोटा और अविकसित गर्भाशय मिला। दोनों अंडकोषों से जुड़ी कुछ नलिकानुमा संरचनाएं भी पाई गईं और दोनों अंडकोष पेट के अंदर मौजूद थे।
असामान्य म्यूलरियन संरचनाओं और दोनों अंडकोषों को बाहर निकाला
निजी अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि मरीज की उम्र, लंबे समय से अंडकोष के सामान्य स्थान पर न होने, अंडकोष को गंभीर क्षति और अंडकोष के कैंसर के बढ़े हुए खतरे को देखते हुए टीम ने लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के जरिए असामान्य म्यूलरियन संरचनाओं और दोनों अंडकोषों को निकाल दिया। (इनपुटः भाषा)
यह भी पढ़ेंः विधान सभा उपचुनाव से पहले निर्वाचन आयोग और तृणमूल के प्रतिद्वंद्वी गुटों की 12 सितंबर को बैठक