उत्तर प्रदेश : शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ । अहरौला थाना की पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से इनकार करने और जान-माल की धमकी देने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को फुलवरिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अहरौला पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त अबू सहमा पुत्र मकसूद अहमद, निवासी चकबालाशाह, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़, को गिरफ्तार किया।बताया गया कि 14 अगस्त 2026 को पीड़िता ने थाना अहरौला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अबू सहमा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और पीड़िता के साथ गाली-गलौज करते हुए जान-माल की धमकी भी दी।