उत्तर प्रदेश: किन्नरों के दो गुट भिड़े, 6 को पुलिस ने किया गिरफ्तार
फतेहपुर। फतेहपुर जनपद के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में किन्नर समाज में क्षेत्र के बंटवारे और अपने-अपने इलाके निर्धारित करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। मामला मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी तक पहुंचने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के समझाने के बाद भी भिड़े
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को थाना सुल्तानपुर घोष में किन्नर समाज से जुड़े दो पक्षों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद की शिकायत मिली थी। आरोप है कि दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा कर आवागमन बाधित कर रहे थे और अभद्र प्रदर्शन के कारण आने-जाने वाली महिलाओं को भी असहजता का सामना करना पड़ रहा था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। 25 अगस्त को दोनों पक्षों के बीच किन्नर समाज में क्षेत्र के बंटवारे एवं अपने-अपने इलाके निर्धारित करने को लेकर दोबारा विवाद की सूचना मिली। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय बाद थाने के बाहर चाय की दुकान पर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और आमादा फसाद होकर विवाद करने लगे। स्थिति बिगड़ने और मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल छह लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सभी को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के चालान में न्यायालय भेजा गया।
दोनों पक्षों के छह को भेजा जेल
गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष से करिश्मा उर्फ अजय कल्याण सिंह निवासी रेलवे क्रॉसिंग खागा, थाना खागा, उम्र करीब 38 वर्ष, आरती रानी उर्फ रिया किन्नर निवासी एराया मसायक, थाना सुल्तानपुर घोष, उम्र करीब 35 वर्ष तथा सपना उर्फ अजय धर्मपाल निवासी रामपुर बरई, थाना सुल्तानपुर घोष, उम्र करीब 40 वर्ष शामिल हैं। द्वितीय पक्ष से सुमित उर्फ सुनीता पुत्र अजय जागेश्वर निवासी ग्राम टांडा, थाना सैनी, जनपद कौशांबी, उम्र करीब 19 वर्ष, काजल उर्फ कुलदीप पुत्र संतोष कुमार निवासी ग्राम परास, थाना सैनी, जनपद कौशांबी, उम्र करीब 20 वर्ष तथा पवन कुमार उर्फ कल्लू पुत्र जागेश्वर निवासी ग्राम सलमपुर मजरे मड़वा, थाना सुल्तानपुर घोष, उम्र करीब 20 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
इसे भी पढ़ेंः 'नारी वंदन की बात करते हैं, फिर भी हाथरस को कोई नहीं भूलेगा': अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा पर साधा निशाना