उत्तर प्रदेश: इंस्टाग्राम पर किशोरी से दोस्ती, बहला-फुसलाकर ले गया युवक
इटावा: शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला रोड से नाबालिग किशोरी को इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने किशोरी को भी बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए हैं।
अचानक घर से हुई थी लापता
पुलिस के अनुसार, रामलीला रोड क्षेत्र निवासी एक नाबालिग किशोरी की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से कन्नौज जिले के कटरा हैवतपुर निवासी आशीष पुत्र रामप्रकाश से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने विश्वास में लिया और बीती एक अगस्त को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। किशोरी के अचानक घर से लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पिता ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87, 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार सचान ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं बरामद किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसके बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।