अंकिता भंडारी कांड पर संग्राम: उत्तराखंड में कांग्रेस की 22 से न्याय यात्रा, 27 को गैरसैंण विधानसभा का घेराव
देहरादून (उत्तराखंड)। अंकिता भंडारी हत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस उत्तराखंड की सड़कों पर उतरने जा रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की महासचिव कुमारी शैलजा ने शनिवार को घोषणा की कि पार्टी 22 से 25 अक्टूबर के बीच पूरे प्रदेश में 'न्याय यात्रा' आयोजित करेगी, जिसके बाद 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
गढ़वाल और कुमाऊं की सभी विधानसभाओं को कवर करेगी यात्रा
कुमारी शैलजा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह 'न्याय यात्रा' राज्य के गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों के हर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर जनता को एकजुट करना और सरकार को घेरना है।
27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव करेंगे
आगामी रणनीति की जानकारी देते हुए कुमारी शैलजा ने कहा, "हमारी पार्टी 22 से 25 अक्टूबर तक पूरे उत्तराखंड में न्याय यात्रा आयोजित करेगी। इसके बाद 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान, हम 27 अक्टूबर को विधानसभा का घेराव करेंगे। हम समान विचारधारा वाले सभी लोगों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हैं।"
चुनावों से पहले आखिरी सत्र होने की संभावना
कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार पर जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "धामी सरकार जनता की चिंताओं को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। संभव है कि यह चुनाव से पहले का आखिरी विधानसभा सत्र हो। हम इस यात्रा और सदन के भीतर अंकिता भंडारी मामले समेत युवाओं के भविष्य, महिला सुरक्षा और राज्य के संसाधनों की रक्षा के मुद्दों को जोर-शोर से उठाएंगे।"
सीबीआई मुख्यालय पहुंचे अंकिता भंडारी के माता-पिता
दूसरी ओर, इस राजनीतिक हलचल के बीच अंकिता भंडारी के माता-पिता ने एक दिन पहले दिल्ली स्थित सीबीआई (CBI) मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने जांच अधिकारियों को केस से जुड़े कई अहम पहलुओं की जानकारी सौंपी। सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और हर पहलू से गहन जांच की जाएगी।
क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?
उल्लेखनीय है कि ऋषिकेश के पास स्थित एक रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 24 सितंबर 2022 को उसका शव चिल्ला नहर से बरामद किया गया था। इस घटना के बाद से ही पूरे उत्तराखंड में न्याय की मांग को लेकर जनाक्रोश बना हुआ है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी के परिवार के समर्थन में उतरीं कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा, राज्यपाल नियुक्ति पर उठाए सवाल