हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के तहत 15 मार्च को उत्

हरिद्वार में 15 मार्च 2027 को होगा उत्तराखंड की देव डोलियों का अमृत स्नान

Uttarakhand’s Sacred Dev Dolis to Take Amrit Snan in Haridwar

हरिद्वार (उत्तराखंड)। कुंभ मेला-2027 की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और जनआस्था की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा। आगामी 15 मार्च 2027 को हरिद्वार में उत्तराखंड की देव डोलियों का अमृत स्नान होगा। इस दिव्य आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन और आयोजन से जुड़ी समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में बैठक

देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले इस आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन, हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में देव डोलियों की शोभायात्रा और गंगा स्नान से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

श्रद्धालुओं की सुविधा को रखा ध्यान में

बैठक में शोभायात्रा के आवागमन मार्ग, ठहराव स्थलों, पारंपरिक स्वरूप और स्नान व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। आयोजन में शामिल होने वाली देव डोलियों और उनके साथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

देवभूमि की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत

अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देव डोलियों की शोभायात्रा और गंगा स्नान उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं को व्यापक पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस आयोजन के माध्यम से देश-दुनिया से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को देवभूमि की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

आयोजन की धार्मिक गरिमा बनाए रखने की अपील

उन्होंने कहा कि देव डोलियों की शोभायात्रा और अमृत स्नान को पूरी भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन की धार्मिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप बनाए रखने के साथ ही देव डोलियों के आवागमन, ठहराव, स्नान तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मेला प्रशासन आयोजन समिति और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है।

15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों का अमृत स्नान

बैठक में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देव डोलियों के आगमन और उनके साथ आने वाले प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 14 मार्च 2027 को ऋषिकेश में देव डोलियों की शोभायात्रा आयोजित की जाएगी, जबकि 15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों का अमृत स्नान होगा।

ये लोग रहे उपस्थित

बैठक में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, विपिन जोशी, बंशीधर पोखरियाल, द्वारिका भट्ट, रमेश पैन्यूली, गजेंद्र सिंह कंडियाल, भगवान सिंह रांगड़, प्रमोद डोभाल, जसराम ढोंढियाल, मुकेश जोशी और आचार्य भवानी दत्त मैंदोलिया सहित समिति सदस्य सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः पीलीभीत में गैस सिलिंडर में आग लगने से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 4 लोग झुलसे