बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र में मंगलवा

वैशाली में मातम, भोज खाने जा रही लोगों से भरी नाव पलटी; 13 की मौत, मृतकों में ज्यादातर बच्चियां

Vaishali Boat Tragedy: 13 Dead, Most Victims Girls

बिहार: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक नाव हादसा हो गया। रामपुर श्यामचंद पंचायत में भोज खाने जा रहे लोगों से भरी एक छोटी नाव बीच पानी में पलट गई। हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर मासूम बच्चियां बताई जा रही हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

भोज में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन था। गांव के करीब 20 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में पहुंचते ही ओवरलोड होने के कारण नाव अचानक पलट गई। देखते ही देखते नाव पर सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। नाव पलटने के बाद लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), राघोपुर फतेहपुर ले जाया गया। हालांकि, तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी।

अस्पताल पहुंचते ही मच गई अफरा-तफरी

हादसे के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, कुल 17 लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया। सूचना मिलने के बाद कई एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं।

हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में छोटी नावों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिस भोज में शामिल होने के लिए ग्रामीण घर से निकले थे, वहां पहुंचने से पहले ही यह सफर मातम में बदल गया।

ये भी पढ़ें: बिहार नाव हादसा: 13 बच्चों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख, बचाव अभियान जारी