वैशाली में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा और मशीन गिरने से कम से कम सात मजदूर घायल
पटना। बिहार के वैशाली जिले में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा और मशीन (बीम लॉन्चर) गिरने से कम से कम सात मजदूर घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि सुबह लालगंज क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर गया और इस घटना में सात लोग घायल हो गये। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि मौके पर अधिकारी मौजूद हैं और घटना की जांच की जा रही है। यह पुल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा बनाया जा रहा है।
मशीन को स्थानांतरित करते समय हुआ हादसा
हादसे के बाद एनएचएआई ने एक बयान में कहा, “राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू पर पुल निर्माण के दौरान मशीन (लॉन्चर) को स्थानांतरित करते समय बृहस्पतिवार को यह घटना हुई।” प्राधिकरण ने कहा कि हादसे में पुल की संरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और कार्यस्थल पर मौजूद चार मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल निकटतम अस्पताल भेजा गया। उसने कहा कि परियोजना की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।
सुरक्षा मानकों की होगी समीक्षा
एनएचएआई ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों और कार्यप्रणालियों की पुन: समीक्षा की जा रही है। इस बीच, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बिहार में एक और पुल गिर गया। भ्रष्टाचार के बोझ तले निर्माणाधीन पुल ढहने से करीब आधा दर्जन मजदूर दब गए और घायल हुए हैं। कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।’’ तेजस्वी ने कहा, ‘‘घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता, मानकों की अनदेखी, निरीक्षण में अनियमितता और राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) नेताओं की भ्रष्ट भूमिका लगातार पुल गिरने की मुख्य वजह है। हमेशा की तरह भ्रष्ट राजग सरकार इस बार भी भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने का प्रयास करेगी।”
उपकरण में यांत्रिक खराबी की बात सामने आई
जिलाधिकारी ने कहा, “जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में उपकरण में यांत्रिक खराबी के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। पुल निर्माण एजेंसी को नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।” उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात भी की।
चिराग पासवान ने जताई चिंता
इस बीच, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात करेंगे और आग्रह करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्माणाधीन ढांचों की गुणवत्ता की गहन जांच सुनिश्चित की जाए। पासवान ने कहा, “ऐसी घटनाओं से कभी-कभी हमें भी शर्मिंदगी महसूस होती है।”
यह भी पढ़: बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या: अगवा करने से पहले इलाके के चक्कर काटता रहा कैब चालक