कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक देने से

कानपुर में कोल्ड ड्रिंक देने से मना करने पर दुकान में तोड़फोड़, घर में खड़ी कार और बाइक को भी नुकसान

घाटमपुर थाना

कानपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के थाना घाटमपुर क्षेत्र के  फतेहपुर गांव में रात के वक्त  दुकान से कोल्ड ड्रिंक देने से मना करने पर आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर पहले धमकाया। पीड़िता ने जब इसकी शिकायत पुलिस से की तो उसकी खुन्नस में गुरुवार की रात आरोपियों ने घर में घुसकर कार व बाइक में तोड़फोड़ की। जब उसने विरोध किया तो धमकी दी। पीड़िता ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।

चार अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की घटना

गांव निवासी जानकी ने पुलिस को बताया कि चार अक्टूबर की रात करीब 11 बजे आरोपियों ने उसकी दुकान में आकर कोल्ड ड्रिंक मांगा था। जब उसने मना किया तो ताला तोड़ने का प्रयास किया था। इसकी शिकायत थाने में की गई थी। उसी खुन्नस में आठ अक्टूबर की रात चार-पांच मोटरसाइकिलों से सवार होकर कई लोग उसके घर पहुंचे। आरोप है, कि गांव के टैटू उर्फ प्रभात, नरेश, पप्पू, सिन्टू, ज्ञानी, नीरज निवासी अहमद व शिवा और आठ नौ अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाया और घर में खड़ी कार व मोटरसाइकिल को लाठी डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़िता के पति ने डायल 112 पर दी सूचना

घटना के बाद पीड़िता के पति मनोज कुमार ने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी वहां से भाग गए। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच के साथ कार्यवाही की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: सुपौल में एनएच-327ए पर स्कॉर्पियो और बाइक की भीषण टक्कर, एक भाई की मौत और दूसरा घायल