वाराणसी से दिल्ली जाने वाली शिवगंगा समेत 2 ट्रेनें रद्द, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने शुक्रवार रात बनारस रेलवे स्टेशन से दिल्ली जाने वाली दो प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें 12259 बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस और 12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे के इस फैसले के बाद इन ट्रेनों में आरक्षण कराने वाले यात्रियों को पूरा किराया वापस किया जाएगा।
ट्रेन रद्द होने पर ऑनलाइन टिकट का पैसा तीन दिन में होगा वापस
रेलवे प्रशासन के अनुसार, जिन यात्रियों ने इन ट्रेनों में टिकट बुक कराया था, उन्हें एसएमएस के जरिए ट्रेन रद्द होने की सूचना भेजी गई है। ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को रिफंड के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। उनका पैसा तीन दिनों के भीतर बैंक खाते में वापस भेज दिया जाएगा। वहीं, आरक्षण काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को काउंटर पर जाकर किराया वापस लेना होगा।
यात्रियों की मदद में जुटा रेलवे
यात्रियों की मदद के लिए बनारस रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। यहां दूसरी ट्रेनों से यात्रा करने के विकल्पों की जानकारी दी जा रही है। स्टेशन पर रिफंड के लिए यात्रियों की भीड़ भी देखी गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए हैं। यात्रियों को जानकारी देने के लिए माइक से लगातार घोषणाएं की जा रही हैं।
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर ट्रेनें रद्द
बताया जा रहा है कि दिल्ली में शनिवार को जंतर-मंतर सहित अन्य स्थानों पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है। आशंका जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में लोग ट्रेनों से दिल्ली पहुंच सकते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। वैकल्पिक ट्रेनों के बारे में जानकारी के लिए रेल यात्री हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: जौनपुर में ट्रक और पल्सर बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक सवार की मौके पर मौत