वाराणसी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार 4 की मौत; 2 गंभीर घायल
वाराणसी: राजातालाब क्षेत्र में प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।
विंध्याचल मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे लोग
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। स्कॉर्पियो सवार लोग विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीन लोग सड़क पर गिर गए, जबकि एक व्यक्ति ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरा।
गैस कटर से निकाले गए गाड़ी में फंसे लोग
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में आलोक मिश्रा, गोलू और अमन यादव शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, हादसे में घायल निखिल कुमार और कन्हैया यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
मिर्जामुराद थाना प्रभारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों से हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
ये भी पढ़ें: कानपुर में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में शातिर बदमाश घायल; तमंचा-कारतूस बरामद