सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के सेंट्रल स्टोर में वीसी का छापा, अव्यवस्थाएं देख भड़के
इटावा: उत्तरप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के सेंट्रल स्टोर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक धावा बोल दिया। वीसी के इस औचक निरीक्षण से विश्वविद्यालय के स्टोर महकमे और संबंधित अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ कुलसचिव दीपक वर्मा भी मौजूद रहे। वीसी प्रो. डॉ. अजय सिंह ने सेंट्रल स्टोर में दाखिल होते ही व्यवस्थाओं का एक-एक कर बारीकी से मुआयना शुरू कर दिया। उन्होंने स्टोर में रखी जीवनरक्षक दवाइयों, महंगे मेडिकल उपकरणों, जरूरी सामग्रियों के स्टॉक के साथ-साथ आपूर्ति और वितरण से जुड़े अभिलेखों व स्टॉक रजिस्टरों को खंगाला।
स्टोर में संसाधनों की बर्बादी पर वीसी नाराज
जांच के दौरान जब वीसी की नजर बिना इस्तेमाल पड़े धूल फांकते सामानों और बर्बादी की कगार पर पहुंचे संसाधनों पर पड़ी, तो वे बेहद नाराज नजर आए। उन्होंने सरकारी धन और संसाधनों की इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। प्रो. अजय सिंह ने स्टोर इंचार्ज और जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि स्टोर के सभी कागजात और स्टॉक रजिस्टर फौरन दुरुस्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के संसाधनों की बर्बादी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।
ये भी पढ़ें- पिता की हत्या के केस में गवाही देने पर विवाद, घर में घुसकर परिवार पर हमला