डिंडोरी के समनापुर थाना क्षेत्र में दशगात्र कार्यक

समनापुर में दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीण की पत्थर से कुचलकर हत्या, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

Villager Returning from Dashagatra Ceremony Murdered with Stones in Samnapur

डिण्डौरी (मध्य प्रदेश)।  जिले के समनापुर थाना क्षेत्र में दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे एक ग्रामीण की मामूली विवाद के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी जंगल में फरार हो गया, लेकिन समनापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर घने जंगल से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

आरोपी ने किया सिर पर वार, मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया निवासी कमल सिंह मरावी अपनी पत्नी के साथ एक दशगात्र कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही सुकल सिंह मरावी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक आरोपी ने विवाद के बाद भी कमल सिंह का पीछा नहीं छोड़ा और तालाब के पास पहुंचकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने पत्थर से कमल सिंह के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पास के घने जंगल में भाग निकला।

आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज 

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक हरिशंकर तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई के बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी आशीष खरे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धर्मेन्द्र सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की संभावित लोकेशन का तकनीकी एवं स्थानीय स्तर पर विश्लेषण किया और जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

आरोपी से की गई पूछताछ

करीब चार से पांच घंटे तक लगातार चले तलाशी  के दौरान पुलिस ने जंगल की प्रभावी घेराबंदी कर आरोपी सुकल सिंह मरावी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। 

यह भी पढ़ेंः   देवबंद में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या, घर से बुलाकर खेत में उतारा मौत के घाट