झालावाड़ में छात्राओं के अपहरण के आरोपों में घिरे

छात्राओं के अपहरण के आरोपों पर नया पक्ष, युवकों के परिजनों ने सौंपा ज्ञापन

स्कूल के पास पहुंचे कबाड़ी युवकों को ग्रामीणों ने पीटा

झालावाड़: जिले के सुनेल थाना क्षेत्र के सामिया गांव में दो कबाड़ी युवकों पर छात्राओं के अपहरण और मारपीट के लगाए गए आरोपों को लेकर नया पक्ष सामने आया है। आरोपों को निराधार बताते हुए युवकों के परिजनों और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के नाम एडीएम रामचंद को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

समाज के प्रतिनिधिमंडल ने इम्तियाज हुसैन और अनीश अगवान की अगुवाई में ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि एक दिन पूर्व सामिया गांव में दो युवकों पर स्कूली छात्राओं के अपहरण का प्रयास करने और उनके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद युवकों के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने वीडियो प्रसारित करने और युवकों के साथ हुई मारपीट की भी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।

बच्चों में गलतफहमी से मची अफरा-तफरी

ज्ञापन में बताया गया कि दोनों युवक बोलिया, मंदसौर (मध्यप्रदेश) के निवासी हैं और अखबार की रद्दी और कबाड़ खरीदने के सिलसिले में सरकारी स्कूल के पास पहुंचे थे। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चे घर लौट रहे थे। इसी दौरान युवकों के वहां मौजूद होने को लेकर कुछ बच्चों में गलतफहमी हुई और वे घबराकर भागने लगे।

छेड़छाड़ के आरोप में युवकों से मारपीट

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि स्थिति को देखते हुए दोनों युवक भी वहां से रवाना हो गए, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की। परिजनों और समाज के लोगों ने दोनों युवकों को निर्दोष बताते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वीडियो और बयानों की जांच की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए सभी पक्षों के बयान, घटनास्थल की परिस्थितियों और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की भी जांच की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्दोष लोगों के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। 

ये भी पढ़ें- गोण्डा में साइबर ठगी गिरोह का एक और वांछित आरोपी गिरफ्तार