शाजापुर में अघोषित बिजली कटौती पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, विद्युत कार्यालय का किया घेराव
शाजापुर,(मध्य प्रदेश)। जिले के सलसलाई क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। रात्रि 9 बजे सलसलाई सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीण बड़ी संख्या में एकजुट होकर सीधे सलसलाई विद्युत मंडल कार्यालय पहुंच गए।
विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
यहां आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और बिजली व्यवस्था के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने मौके से ही संबंधित अधीक्षण यंत्री को फोन लगाया और क्षेत्र में बदहाल हो चुकी बिजली व्यवस्था को लेकर खरी-खोटी सुनाई।
स्टेट हाईवे 41 पूरी तरह जाम
ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली आपूर्ति के हालात जल्द नहीं सुधरे, तो वे स्टेट हाईवे 41 को पूरी तरह जाम कर देंगे और शाजापुर स्थित मुख्य विद्युत कार्यालय का भी घेराव करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए बताया कि विभाग पूरी तरह मनमानी पर उतर आया है।
अलग-अलग बहाने बनाकर काट दी जाती है बिजली
दिनभर अलग-अलग बहाने बनाकर या मेंटेनेंस के नाम पर बिजली काट दी जाती है, और जैसे ही रात होती है, तो लोड शेडिंग के नाम पर घंटों तक बिजली गुल कर दी जाती है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। रात्रि के समय लगातार बिजली गुल रहने से स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई-लिखाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। और गर्मी के बीच बिजली न होने से छोटे बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं ग्रामीण क्षेत्रों मे जहरीले जीवों और सांप-बिच्छू जैसे खतरनाक जानवरों का लगातार डर बना रहता है।
विद्युत मंडल को अंतिम चेतावनी
ग्रामीणों ने विद्युत मंडल को अंतिम चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।
यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में किराना दुकानदार पर बेसबॉल बैट से हमला, CCTV वीडियो आया सामने